Hunger Strike: अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल में बैठे कर्मियों की तबीयत बिगडऩे लगी है। इसे लेकर स्वास्थ्य अमला भी नजर बनाए हुए है।
जांजगीर-चांपा. छग पॉवर मजदूर संघ एचएमएस यूनियन ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। पिछले चार दिन से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू होने के बाद भी प्रबंधन मजदूरों की मांगों को मानने तैयार नहीं हो रहा है। इसके चलते संघ ने आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए अब आमरण अनशन शुरू कर दिया।
मजदूर संघ का कहना है कि अंत में आत्मदाह तक किया जाएगा। इधर आमरण अनशन करने वाले कर्मचारियों की तबीयत खराब होने की स्थिति में उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। केएसके महानदी पॉवर कम्पनी लिमिटेड नरियरा के खिलाफ छग पॉवर मजदूर संघ एचएमएस यूनियन ने प्लांट के मुख्य गेट पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जा रहा है।
मजदूर संघ की मांग है कि काम से बाहर निकाले गए 35 कर्मचारी नेताओं को बहाल किया जाए और उनकी ज्वाइनिंग कराई जाए। वहीं भूविस्थापितों को मानदेय के रूप में 17 हजार रुपए भुगतान किया जाए। इन सभी मांगों को लेकर कर्मचारियों ने पिछले एक सप्ताह से प्लांट प्रबंधन के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके बाद भी प्रबंधन की ओर से कोई पहल नहीं हुई।
गुरुवार को एडीएम लीना कोसम और मजदूर नेताओं के बीच बैठक हुई। इसमें प्लांट प्रबंधन ने कहा कि कंपनी आप लोगों की मांगें मान लेगी, लेकिन दोबारा वे हड़ताल नहीं करेंगे। ऐसे में मजदूर संघ राजी नहीं हुआ और अपनी हड़ताल जारी रखा है। गुरुवार को आमरण अनशन करने में पारस दुबे नवापारा, लोभन साहू नरियरा, अविनाश महिपाल नरियरा, रामकृष्ण धीवर नरियरा, रवि नोरगे रोगदा, दाऊलाल लहरे नरियरा एवं मन्नू मरावी रोगदा शामिल थे। आमरण अनशन करने वाले कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ती जा रही है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम उन पर नजर बनाए हुई है।
Read More : Chhattisgarh News