- आक्रोशित लोगों ने तीन घंटा किया चक्काजाम, सड़क पर से जाम हटाने पुलिस को आया पसीना
जांजगीर.चांपा। डभरा थानांतर्गत ग्राम घोघरी के पास मंगलवार की दोपहर सड़क पर चल रहे तीन सगे भाईयों के उपर तेज रफ्तार ट्रेलर पलट गया। ट्रेलर में दबकर दो लोगों की मौके पर तो वहीं तीसरे की इलाज के दौरान मौत हो गई। तीनों मृतक बिहार के हैं और वे डभरा में रहकर मिस्त्री का काम करते थे। इधर पुलिस ने मृतक के परिजनों को फोन पर सूचना दे दी है।
घटना के बाद मौके पर आक्रोशित लोगों ने चक्काजाम कर दिया। सड़क पर तकरीबन तीन घंटे जाम था। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को लगातार तीन घंटे मशक्कत करनी पड़ी। ट्रेलर का चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
Read More : मरीजों की जिंदगी से यहां के डॉक्टर किस तरह कर रहे खिलवाड़, पढि़ए खबर...
डभरा टीआई विवेक पाटले के मुताबिक बिहार के रहने वाले अकरम अंशारी (42) असलम अंशारी (45) व नसरूल्ला अंशारी (38) डभरा में मिस्त्री का काम करते थे। मंगलवार की सुबह तीनों किसी काम से घोघरी की ओर गए थे और दोपहर एक बजे पैदल डभरा की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान हसौद से डभरा जा रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर तीनों के उपर गिर गया। ट्रेलर के नीचे तीनों दब गए। दबने से अकरम व असलम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नसरूल्ला को गंभीर अवस्था में डभरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया।
ग्रामीणों का कहना था कि इस रूट में भीमकाय वाहनों का चौबीसो घंटों रेला रहता है। जिस पर लगाम लगाई जाए। वहीं मृतक के परिजनों को ट्रेलर चालक द्वारा उचित मुआवजा राशि दी जाए। घटना स्थल पर तकरीबन तीन घंटे सड़क जाम था। सड़क पर ही ट्रेलर गिरा पड़ा था, जिसे व्यवस्थित करने पुलिस को पसीना आ गया। फिलहाल पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ धारा 304 ए के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है।