सूचना मालखरौदा थाने में दी गई और साहूकारों के नाम सहित रिपोर्ट दर्ज कराया गया, लेकिन पुलिस द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
जांजगीर-चांपा. एक युवक को क्षेत्र के साहूकारों ने ऐसा परेशान किया कि उसको अपनी जान देनी पड़ी। पहले उसके मकान व जमीन को रजिस्ट्री कराने के बाद रकम देने आनाकानी करने तथा बाद में रकम देने से इंकार करने के बाद युवक ने अपनी जान दे दी।
मामले के संबंध में पीडि़त परिवार ने मालखरौदा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है, लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने से परिवार सहमा हुआ है। परिवार ने एसपी से भी कार्रवाई की मांग की है। मालखरौदा क्षेत्र के ग्राम सकर्रा निवासी घनश्याम साहू पिता रामजीलाल साहू ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे शिकायत पत्र में बताया है कि उसका छोटा पुत्र रोहिताष साहू ने 8 फरवरी को ग्राम के साहूूकारों द्वारा मानसिक प्रताडऩा दिए जाने के कारण आत्महत्या कर लिया। उसके पुत्र ने आत्महत्या करने से पहले सुसाइड नोट भी लिखा था।
इसकी सूचना मालखरौदा थाने में दी गई और साहूकारों के नाम सहित रिपोर्ट दर्ज कराया गया, लेकिन पुलिस द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इससे पीडि़त परिवार ने एसपी को ज्ञापन सौंपा है और ग्राम के साहूकारों के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने तथा जमीन की राशि दिलाने की मांग की है।
Read More : जिले में एंटी रेबीज वैक्सीन का स्टॉक एक माह से खत्म, भटक रहे मरीज
घनश्याम ने बताया कि उसके पुत्र ने गांव के ही कुछ लोगों से करीब 2 लाख रुपए उधार लिया था। उक्त रकम को समय पर नहीं चुका सकने के कारण साहूकार उसे लगातार परेशान कर रहे थे। साहूकारों से मुक्ति पाने उसके पुत्र रोहिताष ने अपने ग्राम के मुख्य मार्ग स्थित मकान व जमीन को बेचने की पेशकश रखी। साहूकारों ने उक्त मकान को खरीदने की बात कही और परिवार की सहमति से 16 लाख रुपए में सौदा तय हुआ।
साहूकारों ने दो लाख रुपए के उधार की रकम पर चार लाख रुपए ब्याज बताया और शेष 10 लाख रुपए रजिस्ट्री के बाद देने की बात कही। साहूकारों पर भरोसा कर उन्होंने मकान व जमीन की रजिस्ट्री करा दी, लेकिन साहूकार पैसे देने आनाकानी करने लगे। साथ ही उसके पुत्र को मानसिक तौर पर इतना परेशान कर दिया कि उसको आत्महत्या जैसी कदम उठानी पड़ी। उसके बाद भी साहूकार उसे व उसके बड़े पुत्र दलेश साहू को परेशान कर मानसिक तौर पर प्रताडि़त कर रहे हैं। घनश्याम ने साहूकारों पर नामजद रिपोर्ट के बाद भी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई करने की मांग की है।
जांच कर रहे हैं
मामले में कुछ लोगों का बयान लेना बाकी है। साथ ही सुसाइड नोट का भी परीक्षण कराया जा रहा है। सभी के बयान उपरांत मामले में कार्रवाई की जाएगी -जीएस राजपूत टीआई मालखरौदा