जशपुर नगर

होली से पहले जशपुर पुलिस का बड़ा वार, बोलेरो के गुप्त चेंबर से 18 किलो गांजा बरामद, दो मामलों में 5 तस्कर गिरफ्तार

Crime News: होली से ठीक पहले जशपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 43.24 किलो अवैध गांजा जब्त किया है।

2 min read
तस्कर गिरफ्तार (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Crime News: होली से ठीक पहले जशपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 43.24 किलो अवैध गांजा जब्त किया है। दो अलग-अलग मामलों में पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की कुल अनुमानित कीमत 21.2 लाख रुपये आंकी गई है।

रविवार को पूरे मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर कुनकुरी पुलिस को प्वाइंट दिया गया था। सूचना पर बीती रात सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान मुखबिर के बताए अनुसार एमपी 66 जेडएच 6806 नंबर की बोलेरो वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन के नीचे मॉडिफाई कर बनाए गए गुप्त चेंबर को खोलने पर उसमें से 18.40 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये है।

ये भी पढ़ें

200 करोड़ की हशीश फैक्ट्री का भंडाफोड़, केरल का मास्टरमाइंड एलन जयराज समेत 7 गिरफ्तार, ऐसे खुला राज

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पुलिस ने वाहन में सवार तीनों आरोपियों गोलारमन यादव (61 वर्ष), निवासी खंधौली सिंगरौली (मध्यप्रदेश), शिवराम यादव (26 वर्ष), निवासी बेलाहवा सिंगरौली (मध्यप्रदेश) तथा रामेश्वर यादव (30 वर्ष), निवासी खंधौली सिंगरौली (मध्यप्रदेश) को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह गांजा उन्हें ओडिशा में मौजूद उनके एक रिश्तेदार (साले) ने उपलब्ध कराया था और वे इसे बोलेरो में छिपाकर सिंगरौली ले जाकर बेचने वाले थे। पुलिस ने संबंधित रिश्तेदार को भी आरोपी बनाया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना की है। इस कार्रवाई में करीब 14 लाख रुपये कीमत की बोलेरो वाहन, मोबाइल फोन और ड्राइविंग लाइसेंस भी जब्त किए गए। आरोपियों के खिलाफ धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

सिटी कोतवाली क्षेत्र से 24.84 किलो गांजा बरामद

इसी क्रम में सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने 28 फरवरी को एक किराए के मकान में दबिश देकर तेलीटोली आइडिया टावर के समीप से सुनील भगत उर्फ गोविंदा और रवि विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 24.84 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 12.42 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पुलिस नशा कारोबार पर एंड-टू-एंड रणनीति के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि कुनकुरी क्षेत्र में बोलेरो वाहन से 18.40 किलो और सिटी कोतवाली क्षेत्र में 24.84 किलो अवैध गांजा जब्त किया गया है। नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। कुनकुरी प्रकरण में निरीक्षक राकेश यादव, उपनिरीक्षक मनोज साहू, आरक्षक मुकेश पांडेय, जितेंद्र गुप्ता और विनोद तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Published on:
02 Mar 2026 02:18 pm
Also Read
View All

अगली खबर