
Epstein Files: एपस्टीन फाइल्स में केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी का नाम सामने आने के मुद्दे को लेकर जशपुर में कांग्रेस ने शनिवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए, बस स्टैंड में उनका पुतला दहन किया और मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए नैतिक आधार पर तत्काल इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक विनय भगत ने कहा कि एपस्टीन फाइल्स में केंद्रीय मंत्री का नाम सामने आना बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला है। उन्होंने कहा कि यह केवल किसी एक व्यक्ति का मामला नहीं बल्कि देश की प्रतिष्ठा और राजनीतिक व्यवस्था की साख से जुड़ा विषय है, ऐसे गंभीर आरोपों के बावजूद यदि कोई मंत्री अपने पद पर बना रहता है तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक नैतिकता के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि जब तक इस पूरे मामले की निष्पक्षए पारदर्शी और स्वतंत्र जांच नहीं हो जाती, तब तक केंद्रीय मंत्री को नैतिकता के आधार पर तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस मामले में चुप्पी साधे रहती है तो इससे जनता के बीच गलत संदेश जाएगा।
महिला कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष प्यारी कुजूर ने कहा कि देश की जनता अपने जनप्रतिनिधियों से स्वच्छ छवि और ईमानदारी की अपेक्षा करती है। यदि किसी जनप्रतिनिधि का नाम इस तरह के गंभीर अंतरराष्ट्रीय मामले में सामने आता है तो उसकी निष्पक्ष जांच होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए स्वयं आगे आकर पद छोड़ देना चाहिए ताकि जांच प्रभावित न हो और सच्चाई सामने आ सके।
इस दौरान महिला कांग्रेस की उर्मिला भगत, अंजलिना, कल्पना लकड़ा, किरण कांति सिंह, शबनम खातुन, रमा ताम्रकार, अनुपमा, नागेश्वरी, मोनिका, पुष्पा, चंद्रप्रभा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहीं। कार्यक्रम में संजीव भगत, सहस्रांशु पाठक, सतीश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।