
Jashpur Road Accident: छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कई बार नशे में वाहन चलाने की वजह से सड़क हादसे होते हैं, जिनमें लोगों को अपनी जान तक गंवानी पड़ती है। इसी बीच जशपुर जिले के पत्थलगांव से एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित अर्टिगा कार ने जमकर उत्पात मचाया। कार ने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि कई लोग बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना पत्थलगांव थाना क्षेत्र के पालीडीह स्थित जिंदल बजाज शोरूम के पास की है। बताया जा रहा है कि अर्टिगा कार में चार युवक सवार थे। आरोप है कि सभी युवक नशे की हालत में थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे शोरूम के पास खड़े कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।
कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि एक के बाद एक कई वाहनों को जोरदार टक्कर लगी। अचानक हुए इस हादसे से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। शोरूम में काम करने वाले कर्मचारी भी इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार में सवार एक युवक को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य युवकों की तलाश की जा रही है। दुर्घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कार की तेज रफ्तार और वाहनों को टक्कर मारने की घटना देखी जा सकती है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और कथित तौर पर नशे की हालत में वाहन चलाने से होने वाले खतरों को उजागर किया है।