जशपुर नगर

Huge Road Accident: किनकेल घाटी में भीषण सड़क हादसा… दो बाइकों की टक्कर में 2 युवकों की मौत, तीन की हालत गंभीर

Road Accident: दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

2 min read
Road accident
Road accident demo pic

Huge Road Accident: जशपुर जिले के सबसे नजदीकी पर्यटन स्थल किनकेल घाटी में मंगलवार देर शाम तेज रफ्तार ने एक बार फिर बड़ा हादसा करा दिया। दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना जशपुर जिला मुख्यालय से करीब 4-5 किलोमीटर दूर आटापाठ के समीप मोड़ पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए और सवार सड़क पर दूर जा गिरे।

मौके पर अफरा-तफरी, ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को संभालते हुए 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टरों ने 40 वर्षीय अर्जुन राम और अजेश्वर राम को मृत घोषित कर दिया। तीनों गंभीर रूप से घायल युवकों में से दिलीप की हालत अत्यंत नाजुक होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। अन्य दो घायलों का उपचार जशपुर जिला अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।

दोनों बाइक की रफ्तार थी तेज

परिजनों और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय अर्जुन राम अपने साथियों बुधनाथ और अवधेश के साथ जशपुर से मुर्गा लेकर अपने गांव केरे लौट रहा था। उसी समय किनकेल निवासी अजेश्वर राम अपने साथी दिलीप के साथ दूसरी दिशा से आ रहे थे। आटापाठ के समीप मोड़ पर दोनों तेज रफ्तार बाइक आमने-सामने टकरा गईं। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि सभी युवक सड़क पर दूर तक जा गिरे। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

किनकेल घाटी जशपुर का लोकप्रिय पिकनिक स्पॉट है, लेकिन संकरी सड़क और तीखे मोड़ों के कारण यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इस ताजा हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Published on:
12 Feb 2026 09:34 am