
Breaking News: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला निकलकर सामने आया है। जिले के तुमला थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की अपने प्रेमी की दूसरी जगह शादी तय होने से इतनी नाराज हो गई कि वह मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। लड़की करीब तीन घंटे तक टॉवर पर बैठी रही, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस और स्थानीय लोगों की घंटों की मशक्कत के बाद नाबालिग को सुरक्षित नीचे उतारा जा सका।
जानकारी के अनुसार घटना तुमला थाना क्षेत्र के कोल्हनझरिया गांव की है। बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़की अपने प्रेमी की दूसरी जगह शादी तय होने से परेशान थी। इसी नाराजगी में उसने गांव के पास स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़कर विरोध जताना शुरू कर दिया। टॉवर पर लड़की को देखकर ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल डायल-112 और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से लड़की को समझाने का प्रयास शुरू किया। पुलिसकर्मी और ग्रामीण लगातार उससे बातचीत करते रहे और उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए मनाते रहे। करीब तीन घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और ग्रामीणों के प्रयास सफल हुए और नाबालिग को सुरक्षित टॉवर से नीचे उतार लिया गया। इसके बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर समझाइश दी गई।
पत्थलगांव एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। स्थानीय लोगों के सहयोग से नाबालिग बालिका को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। फिलहाल उसे समझाइश दी जा रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले धमतरी जिले के भेंड्रा गांव में भी इसी तरह का मामला सामने आया था। वहां एक युवक पारिवारिक विवाद से परेशान होकर हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया था। युवक को ऊंचे टॉवर पर बैठा देख ग्रामीणों में दहशत फैल गई थी और पुलिस को सूचना दी गई थी।
भखारा थाना पुलिस और परिजनों ने काफी समझाइश के बाद युवक को नीचे उतारा था। बताया गया था कि युवक दो पत्नियों के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद और शराब के नशे के कारण मानसिक तनाव में था। हैरानी की बात यह थी कि वह एक दिन पहले भी उसी टॉवर पर चढ़कर घंटों तक बैठा रहा था और अगले दिन फिर वही हरकत दोहरा दी थी, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
वहीं पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी समस्या की स्थिति में कानून हाथ में लेने या जान जोखिम में डालने के बजाय परिजनों और प्रशासन की मदद लें।