
तेज आंधी बनी काल (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Jashpur News: कुदरत के कहर ने जशपुर जिले के कांसाबेल क्षेत्र के एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। तेज आंधी-तूफान के बीच घोघर गांव में एक कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। मलबे में दबने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कांसाबेल थाना क्षेत्र के घोघर गांव में मंगलवार को आए तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश दौरान एक कच्चा मकान अचानक ढह गया। मकान के अंदर मौजूद युवक दीपचंद लकड़ा (22 वर्ष) दीवार के मलबे में दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसकी मां मैरीना (60 वर्ष) और पत्नी सनियारो (19 वर्ष) भी मलबे की चपेट में आ गईं। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए दोनों महिलाओं को बाहर निकाला और इलाज के लिए कांसाबेल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां दोनों का उपचार जारी है।
एक तेज तूफान ने जिस परिवार का सहारा छीन लिया, उस घर में अब मातम पसरा है। गांव के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।
आंधी-तूफान का असर पूरे क्षेत्र में देखने को मिला। कई स्थानों पर पेड़ उखडक़र सडक़ों पर गिर गए, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि प्रशासन क्षेत्र में हुए नुकसान का आकलन करने में जुटा हुआ है।
बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे अधिक वर्षा चांपा में 11 सेंटीमीटर दर्ज की गई।
इसके अलावा
जांजगीर – 9 सेमी
अकलतरा – 9 सेमी
नगरी – 8 सेमी
मैनपुर – 8 सेमी
गुरूर – 8 सेमी
राधम – 8 सेमी
पिथौरा – 8 सेमी
राजधानी रायपुर में भी करीब 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विभाग का कहना है कि रायपुर में दिनभर आसमान मेघमय रहेगा। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। संभावित तापमान- अधिकतम तापमान: 27 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान: 23 डिग्री सेल्सियस। बारिश के दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।
अगले 24 घंटों के दौरान महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, बेमेतरा और मुंगेली जिलों में मेघ गर्जन, आकाशीय बिजली और 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, रायपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, कबीरधाम, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई है।
Updated on:
29 Jul 2026 02:29 pm
Published on:
29 Jul 2026 02:29 pm
