जशपुर

बीमार गजराज को छोड़ आगे बढ़ गया हाथियों का झुंड, खेत में गिरा मिला साथी… वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

Jashpur News: इस संबंध में वन मंडल अधिकारी शशि कुमार ने बताया कि हाथी जीवित है और उसके शरीर में हल्की हलचल देखी जा रही है। प्राथमिक जांच में संभावना जताई जा रही है कि वह किसी बीमारी या कमजोरी के कारण जमीन पर गिर गया है।
less than 1 minute read
• •
Mar 12, 2026
हाथी (photo source- Patrika)
हाथी (photo source- Patrika)

CG News: जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र में ग्राम बूढ़ाडाढ़ के पास बुधवार सुबह एक जंगली हाथी बीमार हालत में खेत में पड़ा मिला। रिहायशी क्षेत्र के पास हाथी के मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को सुरक्षित कर हाथी की निगरानी शुरू कर दी।

इस संबंध में वन मंडल अधिकारी शशि कुमार ने बताया कि हाथी जीवित है और उसके शरीर में हल्की हलचल देखी जा रही है। प्राथमिक जांच में संभावना जताई जा रही है कि वह किसी बीमारी या कमजोरी के कारण जमीन पर गिर गया है। फिलहाल पशु चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी स्थिति पर नजर रख रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लगभग 10 से 12 जंगली हाथियों का झुंड घूम रहा था। इस दौरान हाथियों ने कई किसानों की गेहूं और सब्जी की फसलों को नुकसान भी पहुंचाया। बाद में झुंड रायगढ़ जिले के बाकारुमा की दिशा में आगे बढ़ गया, जबकि यह हाथी पीछे छूट गया।

विशेषज्ञ डॉक्टर कर रहे जांच

वन विभाग ने हाथी के इलाज के लिए पशु चिकित्सा विभाग को सक्रिय कर दिया है। बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर से विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की टीम को भी बुलाया गया है। टीम हाथी की विस्तृत जांच कर इलाज शुरू करेगी। वन विभाग ने क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथी के पास न जाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। विभाग का अमला मौके पर तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Updated on:
12 Mar 2026 07:26 pm
Published on:
12 Mar 2026 07:26 pm