
मिर्ची की आड़ में गांजे की तस्करी (Photo Source- Patrika Create)
Ganja Seized: जशपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर पुलिस ने एक मिनी ट्रक से 440.63 किलो गांजा बरामद किया है। तस्करों ने गांजे को मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर रखा था। आरोपी उड़ीसा से गांजे की खेप लेकर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जा रहे थे। पुलिस ने मामले में प्रयागराज निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपए बताई गई है। वहीं, तस्करी में इस्तेमाल टाटा आईसर मिनी ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपए की जब्ती हुई है।
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा की ओर से एक वाहन में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर जशपुर जिले की सीमा में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उड़ीसा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच तेज कर दी। इसी दौरान टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 बैरियर पर पहुंचा। वाहन में दो लोग सवार थे। संदेह होने पर पुलिस ने ट्रक को रोककर दोनों से पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में दोनों ने अपना नाम मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34) बताया। दोनों प्रयागराज जिले के ग्राम मुंडेरा, थाना ढूंमनगंज के रहने वाले हैं। पुलिस ने जब ट्रक में रखे सामान के बारे में पूछा तो आरोपियों ने बताया कि वाहन में मिर्ची की बोरियां हैं, जिन्हें उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। पुलिस को उनके जवाब और वाहन में रखे सामान पर संदेह हुआ। इसके बाद ट्रक की बारीकी से तलाशी ली गई। शुरुआत में ऊपर की तरफ मिर्ची से भरी बोरियां मिलीं। पुलिस ने जब इन बोरियों को हटाया तो नीचे रखी बोरियों में टेप से लिपटे हुए कई पैकेट मिले। पैकेट खोलकर जांच की गई तो उसमें गांजा बरामद हुआ। गवाहों की मौजूदगी में की गई तलाशी के दौरान कुल 14 बोरियों से 440 पैकेट मिले। इन सभी पैकेटों का कुल वजन 440.63 किलोग्राम निकला।
पुलिस ने दोनों आरोपियों से बरामद गांजे से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने गांजा और तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक को जब्त कर लिया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ तपकरा थाने में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे की कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपए है, जबकि जब्त मिनी ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपए है। इस तरह कार्रवाई में कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गांजा उड़ीसा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज जा रहे थे। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गांजा उन्होंने किस व्यक्ति से खरीदा था और प्रयागराज में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच में गांजा सप्लाई करने वाले और इसे उत्तर प्रदेश में रिसीव करने वाले लोगों की भूमिका सामने आने की संभावना है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस नेटवर्क में और कितने लोग जुड़े हुए हैं।
जशपुर पुलिस के अनुसार, जिले में जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 1906 किलोग्राम गांजा बरामद किया जा चुका है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपए बताई गई है। इन मामलों में 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। तस्करी में इस्तेमाल किए गए 17 कार और एक पिकअप वाहन भी पुलिस द्वारा जब्त किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में दूसरे राज्यों से आने वाले संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच की जा रही है, ताकि नशे की तस्करी पर रोक लगाई जा सके।
यह कार्रवाई जशपुर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में तपकरा थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, निरीक्षक संदीप कौशिक, सहायक उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, आरक्षक शिवकुमार, विनोद तिर्की समेत एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि ऑपरेशन आघात के तहत जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस का फोकस केवल तस्करों को पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि गांजा सप्लाई करने वाले और इसे खपाने वाले पूरे नेटवर्क का पता लगाने पर भी है। इस मामले में भी पुलिस आगे की कड़ियों की जांच कर रही है।
Updated on:
02 Oct 2026 06:21 pm
Published on:
02 Oct 2026 05:34 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
