जौनपुर

UP: फिल्म ‘थैंक गॉड’ के ट्रेलर में चित्रगुप्त का मजाक उड़ाने पर हंगामा, अजय देवगन समेत तीन पर केस दर्ज

बॉलीवुड फिल्म थैंक गॉड के ट्रेलर में चित्रगुप्त महाराज का मजाक उड़ाने का आरोप है। जिसके चलते एक्टर अजय देवगन, सिद्धार्थ मल्होत्रा और फिल्म के निर्देशक इंदर कुमार के खिलाफ जौनपुर की मजिस्ट्रेट एएम प्रथम मोनिका मिश्रा की कोर्ट में परिवाद दाखिल किया है।

2 min read
Sep 14, 2022

बॉलीवुड की एक और फिल्म थैंक गॉड रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। फिल्म के ट्रेलर में चित्रगुप्त महाराज का मजाक उड़ाते हुए दिखाया गया है। जिसके चलते एक्टर अजय देवगन, सिद्धार्थ मल्होत्रा और फिल्म के निर्देशक इंदर कुमार के खिलाफ मजिस्ट्रेट एएम प्रथम मोनिका मिश्रा की कोर्ट में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में परिवाद दाखिल किया है। ये परिवाद अधिवक्ता हिमांशु श्रीवास्तव ने कोर्ट में अधिवक्ता उपेंद्र विक्रम सिंह व सूर्या सिंह के जरिए दायर किया है। वहीं कोर्ट ने परिवादी के बयान के लिए 18 नवंबर तिथि तय की है। बता दें कि फिल्म थैंक गॉड अगले महीने 24 अक्टूबर को रिलीज होने वाली है।

अजय देवगन भगवान चित्रगुप्त के अवतार में

अधिवक्ता हिमांशु श्रीवास्तव ने परिवाद में बताया कि बालीवुड फिल्म थैंक गॉड का ट्रेलर रिलीज हुआ है। इस ट्रेलर में अजय देवगन आधुनिक पोशाक पहनकर भगवान चित्रगुप्त बने दिख रहे हैं। जबकि ट्रेलर में सिद्धार्थ मल्होत्रा का एक्सीडेंट होने के बाद उसके कर्मों का हिसाब-किताब चित्रगुप्त भगवान के दरबार में होता है। जहां अजय देवगन स्वयं को भगवान चित्रगुप्त बताते हुए घटिया जोक्स व आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं।

ट्रेलर में फूहड़ शब्दों का प्रयोग करने का आरोप

आरोप है कि ट्रेलर में कुछ फूहड़ शब्दों का प्रयोग करते हुए भगवान चित्रगुप्त की प्रस्तुति की गई। जिसे वादी व गवाहों ने 10 सितंबर 2022 को सोशल मीडिया पर देखा व सुना। उन्होंने कोर्ट से मांग करते हुए आरोपितों को समुचित धाराओं में तलब कर दंडित किए जाने की मांग की। याचिका में कहा गया है कि चित्रगुप्त को कर्म का देवता माना जाता है और वह एक आदमी के अच्छे और बुरे कर्मों का रिकॉर्ड रखता है। देवताओं का ऐसा चित्रण एक अप्रिय स्थिति पैदा कर सकता है क्योंकि यह धार्मिक भावनाओं को आहत करता है।

Published on:
14 Sept 2022 11:51 am
Also Read
View All