जौनपुर

काशी विश्वनाथ का दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार जौनपुर में ट्रक से टकराई, 2 लोगों की मौत, 3 हुए घायल

Two people died in road accident in jaunpur: श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से दर्शन पूजन करके वापस उन्नाव लौट रहे श्रद्धालुओं की एक कार जौनपुर में वाराणसी-जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 731 पर खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है...
2 min read
Aug 03, 2026
Jaunpur accident
Pc-Patrika

Death in Road Accident in Jaunpur: श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से दर्शन पूजन करके वापस उन्नाव लौट रहे श्रद्धालुओं की एक कार जौनपुर में वाराणसी-जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 731 पर खड़े ट्रक से टकरा गई। बताया जा रहा है कि हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, तीन लोग घायल हुए हैं। हादसा बक्शा थाना क्षेत्र के कुल्हानमऊ गांव के समीप हुआ है। बताया जा रहा है कि दोनों मृतक उन्नाव के रहने वाले हैं। वहीं, सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्नाव लौट रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के मुताबिक, वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने आए उन्नाव के अखिलेश शुक्ला, अंकित शुक्ला, शोभित श्रीवास्तव, संदीप मिश्रा और शोभित शुक्ला दर्शन पूजन के बाद वापस उन्नाव लौट रहे थे। वे अपनी वैगनआर कार से जौनपुर के बक्शा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर जा रहे थे। इसी दौरान चालक को झपकी आ गई और कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। पुलिस के मुताबिक, हादसे की सूचना सोमवार की सुबह मिली। सूचना देने वाले ने बताया कि नेता ढाबा के समीप एक कार ट्रक से टकरा गई है, जिसमें पांच लोग सवार थे। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एंबुलेंस और पुलिस बल को रवाना किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार और ट्रक के बीच टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह से आगे से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने अखिलेश शुक्ला और अंकित शुक्ला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, शोभित श्रीवास्तव, संदीप मिश्रा और शोभित शुक्ला गंभीर रूप से इस हादसे में घायल हुए हैं। हालांकि, डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज किया जा रहा है।

क्या बोली पुलिस

पुलिस ने बताया है कि दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोगों के परिजनों और घायलों के परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है। थाना अध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह के मुताबिक, मामले में तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
03 Aug 2026 12:33 pm
Published on:
03 Aug 2026 12:32 pm