
Pc-Patrika
Shree Kashi Vishwanath Temple: सावन के पहले सोमवार पर वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। आधी रात से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था और सुबह होते-होते मंदिर के बाहर करीब तीन किलोमीटर लंबी कतार लग गई। काशी ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, राजस्थान, दिल्ली समेत कई राज्यों से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयघोष के बीच बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक और दर्शन-पूजन किया।
श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए मंदिर प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। श्रद्धालुओं ने भी हर हर महादेव के उद्घोष से अधिकारियों का अभिवादन किया।
सावन के पहले सोमवार के अवसर पर बाबा विश्वनाथ के दरबार को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया है। वहीं, मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालु घंटों कतार में खड़े रहने के बावजूद बाबा के दर्शन को लेकर उत्साहित नजर आए। कई श्रद्धालु रात से ही अपनी बारी का इंतजार करते रहे ताकि सुबह सबसे पहले बाबा का जलाभिषेक कर सकें।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण करते रहे। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरे धाम क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। इसके अलावा सादे लिबास में भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
पुलिस कमिश्नर ने ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को 'सर' और 'मैडम' कहकर संबोधित करेंगे और उनकी सहायता करेंगे। उन्होंने कहा है कि भक्तों से दुर्व्यवहार करने वाले पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही यातायात, बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा सहायता और आपातकालीन सेवाओं को भी सक्रिय रखा गया है। जिला प्रशासन को उम्मीद है कि इस वर्ष सावन के महीने में करीब एक करोड़ श्रद्धालु श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन करेंगे इसको लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी कर रखी है। रूट डायवर्जन से लेकर शहर के बाहर पार्किंग तक की व्यवस्था की गई है।
Updated on:
03 Aug 2026 08:26 am
Published on:
03 Aug 2026 08:26 am
