जौनपुर

कमाई 15 हजार… महीने का टर्नओवर 24 करोड़, 4.42 करोड़ का GST नोटिस, मजदूर का चकराया सिर

उत्तर प्रदेश के जौनपुर में एक मजदूर को 4.24 करोड़ का जीएसटी विभाग से नोटिस आ गया। नोटिस में बताया गया कि उसके नाम पर एक कंपनी रजिस्टर्ड है जिसका महीने का 24.55 करोड़ रुपए का टर्नओवर है, जबकि मजदूर सिर्फ 15 हजार रुपए महीने ही कमा पा रहा है।
2 min read
Feature image
Symbolic Image, PC- Gemini

GST Fraud : जौनपुर में एक मजदूर के साथ फ्राड हो गया। फ्राड कोई छोटा मोटा नहीं करोड़ों में। 15 हजार रुपए महीने कमाने वाले शख्स को 4.42 करोड़ का जीएसटी का नोटिस आ गया और उसका टर्नओवर 24 करोड़ महीना बताया गया। जीएसटी का नोटिस देखकर मजदूर के होश उड़ गए। उसे समझ ही नहीं आ रहा कि यह फ्राड उसके साथ कैसे हो गया। अब आइए जानते हैं पूरा मामला।

मामला जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव का है। इसी गांव में रोहित सरोज रहता है। वह मेहनत मजदूरी करके अपना परिवार चलाता है। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। दोनों भाई मेहनत मजदूरी करके अपना परिवार चलाते हैं। दोनों भाई मेहनत और मजदूरी करके 15 से 20 हजार की कमाई करते हैं और इसी से परिवार का भरण-पोषण होता है।

30 अगस्त को मिला नोटिस

रोहित सरोज को 30 अगस्त को जौनपुर के उपयुक्त राज्यकर एवं सहायक आयुक्त जीएसटी की तरफ से एक नोटिस दिया गया। आरोप है कि आर. के. ट्रेडर्स नाम की फर्म है जो कि रोहित के नाम पर रजिस्टर्ड है। इस फर्म का मासिक टर्न ओवर 24.55 करोड़ है। इस फर्म पर यह भी आरोप है कि इसने जीएसटी जमा नहीं की है।

इस पते पर रजिस्टर्ड है फर्म

आर. के. ट्रेडर्स कंपनी रोहित के नाम पर रजिस्टर्ड है। इसका पता है जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र का नीभापुर गांव। लेनदेन में अज्ञात व्यक्ति, जिसका मोबाइल नंबर 9117976438, बिलिंग नम्बर 00 दर्शाया गया है। UPGAU09NQCPS9300E1Z1 के द्वारा वित्तीय वर्ष 2025- 26 के जून महीने में 24 करोड़ 55 लाख 80 हजार रुपये का टर्न हुआ है, जिसका जीएसटी 4 करोड़ 42 लाख 4 हजार 400 रुपये बकाया है।

नौकरी के बहाने हुई जालसाजी

रोहित सरोज ने बताया कि उनके साथ धोखाधड़ी की गई है। काफी समय पहले एक अज्ञात नंबर से उन्हें फोन आया था। कॉल करने वाले ने खुद को दूर का रिश्तेदार बताया और नौकरी दिलाने का लालच दिया। इसी बहाने उसने आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज मंगवाए। इतना ही नहीं, फोन पर आया ओटीपी भी उससे ले लिया। रोहित को उम्मीद थी कि नौकरी मिलेगी, लेकिन लंबे समय तक कुछ नहीं हुआ। अब अचानक करोड़ों की जीएसटी नोटिस आकर पूरा सच सामने आ गया।

पीड़ित ने पुलिस से की शिकायत
नोटिस मिलने के बाद से रोहित का पूरा परिवार परेशान हो गया। उनका कहना है कि हम मजदूरी करने वाले लोग करोड़ों रुपए कहां से जमा करेंगे। अपने साथ हुई जालसाजी के बारे में पीड़ित रोहित सरोज ने पुलिस महानिरीक्षक से लेकर अन्य अधिकारियों को प्रार्थनापत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। फिलहाल मुंगरा बादशाहपुर पुलिस जालसाजों का पता लगाने में जुट गई है। दस सितम्बर को पीड़ित मजदूर को अधिकारियों ने जौनपुर कार्यालय में बुलाया है।

Published on:
05 Sept 2025 01:47 pm