जौनपुर

जौनपुर में बाबाओं की सरेआम पिटाई, पहले बेल्ट से मारा, फिर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा… जानें क्या है पूरा मामला?

Jaunpur News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में बच्ची के अपहरण के शक में भीड़ ने दो बाबाओं को बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चार लोगों को हिरासत में लिया है।
less than 1 minute read
• •
Updated: 14 Dec 2025, 7:38 PM IST
jaunpur baba beating video mob assault child kidnapping suspicion
जौनपुर में बाबाओं की सरेआम पिटाई | Photo Video Grab

UP News: यूपी के जौनपुर जिले में शहर कोतवाली क्षेत्र के फैजबाग इलाके में शनिवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब स्थानीय लोगों ने दो बाबाओं को कथित तौर पर बच्ची के अपहरण के शक में पकड़ लिया। देखते ही देखते आसपास के लोग जमा हो गए और बिना किसी पुष्टि के दोनों बाबाओं को घेर लिया गया।

आस्था की परीक्षा के नाम पर हिंसा

आरोप है कि भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने बाबाओं से पहले गायत्री मंत्र और फिर हनुमान चालीसा सुनाने को कहा। इसी दौरान माहौल और ज्यादा उग्र हो गया और कुछ युवकों ने बेल्ट और डंडों से दोनों बाबाओं की पिटाई शुरू कर दी।

मारपीट के दौरान एक बाबा नाली में गिर पड़ा, लेकिन इसके बावजूद भी भीड़ का गुस्सा कम नहीं हुआ। आरोप है कि दोनों बाबाओं को सड़क पर घसीटते हुए लगातार पीटा गया, जिससे वहां मौजूद लोग भी सहम गए।

वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

किसी प्रत्यक्षदर्शी ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो में साफ तौर पर दिख रहा है कि किस तरह बाबाओं पर डंडे और बेल्ट बरसाए जा रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद मामला तेजी से सुर्खियों में आ गया।

पुलिस ने की कार्रवाई शुरू

अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि शहर कोतवाली में मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि बच्ची के अपहरण के आरोपों की भी अलग से जांच की जा रही है। पुलिस का साफ कहना है कि कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
14 Dec 2025, 7:38 PM IST
Published on:
Also Read
View All