
Groom Murder Case In Jaunpur: जौनपुर जिले में बहुचर्चित दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड में शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी और एक लाख रुपए के इनामी प्रदीप बिंद ने पुलिस को चकमा देते हुए अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
घटना बीते 1 मई की है, जब खेतासराय थाना क्षेत्र के मनेछा गांव के पास बारात लेकर जा रहे दूल्हा आजाद बिंद की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात से पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी और शादी का माहौल पलभर में मातम में बदल गया था। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और कई टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया।
जांच के दौरान तीन मुख्य आरोपियों के नाम सामने आए। इनमें एक लाख रुपये का इनामी रवि यादव पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी और एक लाख का इनामी भोले राजभर कुछ दिन पहले अदालत में आत्मसमर्पण कर चुका है। अब तीसरे और मुख्य आरोपी प्रदीप बिंद ने अदालत में सरेंडर कर दिया है।
पुलिस अदालत से आरोपी की रिमांड मांग सकती है, ताकि उससे पूछताछ करके हत्या की पूरी साजिश, वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और घटना से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके। वहीं, मुख्य आरोपी के सरेंडर के बाद पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद और मजबूत हुई है। अब सभी की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई और अदालत की सुनवाई पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि इस बहुचर्चित हत्याकांड में आने वाले दिनों में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
कोर्ट में सरेंडर करने वाले मुख्य आरोपी प्रदीप बिंद ने खुद को निर्दोष बताया है। सरेंडर करने वाले आरोपी ने कहा कि उसे इस मामले में जानबूझकर घसीटा जा रहा है और फसाने की कोशिश की जा रही है। वहीं, मृतक दूल्हे के परिजनों ने इस मामले में आरोपी के एनकाउंटर की मांग की थी, जबकि मुख्य आरोपी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। परिजनों ने बताया है कि इस घटना से उन्हें काफी ज्यादा निराशा हुई है।