
जौनपुर में दूल्हा हत्याकांड (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Jaunpur Ravi Yadav Encounter: जौनपुर में दूल्हा हत्याकांड मामले में मुख्य आरोपी और एक लाख रुपए के इनामी रवि यादव के एनकाउंटर के बाद तरह तरह के सवाल उठने शुरू हो गए हैं। रवि के परिजनों ने इस एनकाउंटर को फर्जी बताया है। परिजनों का आरोप है कि यादव होने के कारण रवि को आगे किया गया, जबकि बाकी के आरोपियों को सत्ता पक्ष के एक नेता का संरक्षण प्राप्त है। इसलिए उन्हें कुछ नहीं किया जा रहा है।
जौनपुर में हुए दूल्हा हत्याकांड के आरोपी और पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारे गए रवि यादव की बुआ शर्मिला ने कहा है कि रवि इस घटना में मुख्य रूप से शामिल नहीं था, लेकिन फिर भी उसका एनकाउंटर कर दिया गया। उन्होंने मांग की है कि इस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों का एनकाउंटर किया जाना चाहिए। शर्मिला ने आरोप लगाया है कि उत्तर प्रदेश में इस सरकार में कोई भी यादव सुरक्षित नहीं है। शर्मिला ने आरोप लगाया है कि रवि को यादव होने की सजा मिली है और इसी वजह से उसका एनकाउंटर किया गया।
वहीं, इस एनकाउंटर में मारे गए रवि यादव के परिजन ने पुलिस की कार्रवाई पर कई सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का कहना है कि यदि रवि इस हत्याकांड में शामिल था तो पुलिस कोई सबूत क्यों नहीं दिखा रही है। पुलिस को सबूत दिखाना चाहिए। रवि के परिजनों ने इस मामले में आरोपी भोले राजभर और प्रदीप बिन को राजनीतिक संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा है कि मोटी रकम लेने के बाद उन्हें इस मामले से दूर कर दिया गया है। परिजनों ने आरोप लगाया कि कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर का बाकी के आरोपियों पर हाथ है, इसी वजह से पुलिस उन्हें कुछ नहीं कर रही।
वहीं इस मामले पर सुभाषपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने भी सफाई दी है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि यादव जाति का होने के कारण रवि का एनकाउंटर किया गया। उन्होंने कहा कि जिसने भी यदि कोई अपराध किया है तो उस अपराधी को सजा जरूर मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी करना पुलिस का काम है, जबकि सजा देना न्यायालय का काम है।
दरअसल, 1 मई को खेतासराय थाना इलाके के मनेछा में शादी करने के लिए जा रहे दूल्हे आजाद बिन्द की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। बताया जा रहा है की सरायख्वाजा थाना इलाके के बड़उर गांव के आजाद की शादी बीबीपुर के गोरखनाथ बिन्द की बेटी के साथ तय हुई थी। इसके बाद आजाद धूमधाम से बारात निकालकर जा रहा था। जैसे ही दूल्हा मनेछा पहुंचा वैसे ही बाइक सवार दो लोग आए और आजाद को गोली मार दी।
बताया जा रहा है कि इस दौरान बाइक का नंबर प्लेट ढक दिया गया था और बाइक चलाने वाले लोग मुंह बांधकर कार के बराबर बाइक के चला रहे थे। इसके बाद ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर आजाद को घायल किया गया, जिसके बाद कार चालक ने गाड़ी सीधे अस्पताल के लिए मोड़ दिया। वहीं, अस्पताल में डॉक्टर ने दूल्हे आजाद को मृत घोषित कर दिया।
Updated on:
28 May 2026 08:01 pm
Published on:
28 May 2026 08:01 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
