जौनपुर

नदी में नहाने गई थीं 6 सहेलियां, गहरे पानी में डूबकर 2 किशोरियों की मौत, जौनपुर में सई नदी में बड़ा हादसा

Two Teenage Girls Drowned: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में बड़ा हादसा हुआ है। यहां सई नदी में नहाने गईं 2 किशोरियों को गहरे पानी में डूबकर मौत हो गई है।

2 min read
Jun 19, 2026
Two teenage girls drowned in Sai River
जौनपुर में सई नदी में डूबकर 2 किशोरियों की मौत (फोटो- पत्रिका)

Accident in Sai River: जौनपुर में सई नदी में गहरे पानी में डूबकर 2 किशोरियों की मौत हो गई है। इसके अलावा नदी में डूब रही एक किशोरी को बचा लिया गया है, उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे में जान गंवाने वाली दोनों किशोरियों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

नदी में नहाने गई थीं 6 सहेलियां

जौनपुर में जलालपुर क्षेत्र के ग्राम नहोरा में शुक्रवार दोपहर सई नदी के जालकपुर घाट पर 6 किशोरियां नहाने गई थीं। नदी में नहाते समय गहरे पानी में डूबकर 2 किशोरियों की मौत हो गई है, जबकि एक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। नदी में नहाने गईं सभी किशोरियां कक्षा 12 की छात्राएं थीं। सई नदी में हुई घटना से किशोरियों के परिवार में शोक का माहौल है। दरअसल, नहोरा गांव के पनिहरियां पुरवा निवासी 6 सहेलियां शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे घर से लगभग 1 किलोमीटर दूर शिव मंदिर के पास स्थित सई नदी घाट पर नहाने गई थीं।

दो लड़कियों की मौत, 3 सुरक्षित, एक की हालत नाजुक

नहाते समय लड़कियां गहरे गड्ढे वाले क्षेत्र में चली गईं। इस दौरान 17 वर्षीय पिंकी उर्फ गुड़िया और 17 वर्षीय शिवांगी गहरे पानी में डूब गईं। उन्हें बचाने के प्रयास में गुंजा भी गहरे पानी में फंस गई और पानी में गोता लगने से उसकी तबीयत बिगड़ गई। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया।

काफी मशक्कत के बाद दो किशोरियों के शव निकाले गए। इसके अलावा अन्य 3 सहेलियां आंचल, ननका उर्फ अंजलि और दीपा सुरक्षित हैं। नहोरा गांव के प्रधान त्रिषिराज यादव ने बताया कि सभी लड़कियां अच्छे घरों की थीं और दोपहर के समय नहाने गई थीं।

पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा

हादसे की सूचना पर जलालपुर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय अधिकारियों ने मृतक परिवारों को तुरंत मदद पहुंचाने का आश्वासन दिया है। सई नदी के इस घाट पर अक्सर गहरे गड्ढे होने के कारण खतरा बना रहता है, फिर भी स्थानीय लोग बिना सुरक्षा के नहाने जाते हैं। जान गंवाने वाली लड़कियों के परिजनों ने बच्चों की मौत पर गहरा दुख जताते हुए बेहतर सुरक्षा की मांग की है।

Published on:
19 Jun 2026 05:17 pm