झालावाड़

Rajasthan: सुबह-सुबह आलीशान मकानों-दुकानों पर चला बुलडोजर, भारी पुलिस जाप्ता रहा तैनात

Action On Illegal Encroachment Removed: झालावाड़ में आज सुबह प्रशासन ने बड़ी बुलडोजर कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर बदमाशों के अवैध कब्जों को ध्वस्त कर दिया। पुलिस और पीडब्ल्यूडी की संयुक्त कार्रवाई में आलीशान मकान, दुकानें और बाड़ों को गिराकर करोड़ों की सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया।
2 min read
Illegal Encroachment Removed
फोटो: पत्रिका

Bulldozer Action On Criminals Property: झालावाड़ जिले के सुनेल कस्बे में शनिवार को सुबह-सुबह पुलिस और प्रशासन की ओर से बड़ा बुलडोजर एक्शन देखने को मिला। डबल मर्डर केस के आरोपियों और हिस्ट्रीशीटर बदमाशों द्वारा सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। भारी पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने करोड़ों रुपए की सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।

फोटो: पत्रिका

सरकारी जमीन पर बने अवैध निर्माण तोड़े

जानकारी के अनुसार सुनेल-झालरापाटन मुख्य मार्ग पर राजस्थान विद्युत वितरण निगम कार्यालय के पास कई अवैध निर्माण किए थे। शनिवार सुबह प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बुलडोजर चलाकर इन निर्माणों को गिरा दिया। कार्रवाई के दौरान तीन मंजिला आलीशान मकान, दुकानें और अवैध बाड़ों को जमींदोज कर दिया।

ये कार्रवाई हार्डकोर अपराधी भेरू उर्फ भेरूलाल गुर्जर, उसके भाई बल्लू उर्फ रामलाल गुर्जर और हिस्ट्रीशीटर राजू उर्फ राजाराम गुर्जर के कब्जों पर की गई। पुलिस के अनुसार इन लोगों ने आपराधिक गतिविधियों से कमाए गए धन से सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण कर रखा था।

फोटो: पत्रिका

भारी पुलिस बल रहा तैनात

कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया। मौके पर वृत्ताधिकारी मनोहरथाना अशोक कुमार, सुनेल थाना प्रभारी विष्णु सिंह, रायपुर थाना प्रभारी रमेश सिंह और पिडावा थाना प्रभारी रामपाल सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की निगरानी में पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।

फोटो: पत्रिका

अपराधियों के खिलाफ चल रहा विशेष अभियान

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिले में हिस्ट्रीशीटर, हार्डकोर और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अपराध से अर्जित संपत्तियों और सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों की पहचान कर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि भेरू उर्फ भेरूलाल गुर्जर के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट समेत 18 गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं बल्लू उर्फ रामलाल पर डबल मर्डर सहित कई संगीन मामले दर्ज हैं। हिस्ट्रीशीटर राजू उर्फ राजाराम के खिलाफ भी हत्या के प्रयास, चोरी, अवैध हथियार और आबकारी एक्ट सहित 10 मामले दर्ज बताए गए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अपराधियों की अवैध संपत्तियों और कब्जों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Updated on:
09 May 2026 09:40 am
Published on:
09 May 2026 09:09 am