झालावाड़

झालावाड़ पंचायत चुनाव में 99 वोट को 299 बताने का आरोप, कांग्रेस ने की पुनर्मतगणना की मांग

झालावाड़ में पंचायत चुनाव के वार्ड-13 की मतगणना में 99 वोट को 299 बताकर परिणाम बदलने का आरोप लगा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिनी सचिवालय पर प्रदर्शन कर एडीएम को ज्ञापन सौंपा और पुनर्मतगणना की मांग की।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 1:28 PM IST
jhalawar panchayat elections
मिनी सचिवालय के सामने प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता (पत्रिका फोटो)

Jhalawar Panchayat Election 2026: झालावाड़ जिला परिषद चुनाव के नतीजे आने के बाद अब वार्ड-13 की मतगणना को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने प्रशासन पर मतगणना में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए दावा किया कि 99 वोट को 299 बताकर चुनाव परिणाम बदल दिया गया। इस मामले में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिमा कुमार नागर और पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मिनी सचिवालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी के नाम एडीएम को ज्ञापन सौंपकर पुनर्मतगणना कराने की मांग की। वहीं, जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना में गड़बड़ी के आरोपों पर कहा कि रिजल्ट शीट पर एजेंटों के हस्ताक्षर हैं। ज्ञापन में उठाए गए तथ्यों की जांच करवाई जाएगी।

कांग्रेस का आरोप- जीत के बाद बदल दिया गया परिणाम

कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह गुर्जर ने आरोप लगाया कि जिला परिषद वार्ड-13 में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिमा नागर की जीत हुई थी। पिड़ावा पंचायत समिति के आरओ ने भी कांग्रेस प्रत्याशी के जीतने की बात कही थी। उनके अनुसार, भाजपा प्रत्याशी के पति हार स्वीकार कर घर जा चुके थे, लेकिन बाद में परिणाम में बदलाव कर दिया गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि 99 वोट को 299 बताकर चुनाव परिणाम बदल दिया गया। उन्होंने इसे मतदाताओं के जनादेश के साथ खिलवाड़ बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

बूथवार मतगणना पत्रकों की जांच की मांग

कांग्रेस की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि घोषित परिणाम में मतों की गणना, परिणाम पत्रकों और प्रत्याशीवार मतों के संकलन में त्रुटि की आशंका है। ऐसे में वार्ड के सभी मतदान केंद्रों के बूथवार और प्रत्याशीवार मतगणना पत्रकों की जांच कराई जानी चाहिए। इसके साथ ही डाक मतपत्रों, वैध और निरस्त मतों का भी नियमानुसार सत्यापन कराने की मांग की गई।

ईवीएम और सीसीटीवी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मतगणना के दौरान तैयार किए गए टेबलवार, राउंडवार और अंतिम परिणाम पत्रकों का मिलान कराने की मांग की। इसके अलावा निर्वाचन नियमों के तहत मतगणना से संबंधित अभिलेखों, मतपत्रों, ईवीएम और उपलब्ध सीसीटीवी रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखने की मांग भी की गई। कांग्रेस का कहना है कि मतदाताओं के वास्तविक जनादेश की पुष्टि के लिए सभी रिकॉर्ड की जांच जरूरी है।

धाकड़ युवा संघ ने भी निष्पक्ष जांच की मांग उठाई

इसी मामले में धाकड़ युवा संघ के 80 गांव क्षेत्र के लोगों ने भी राज्य निर्वाचन आयुक्त के नाम ज्ञापन भेजकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। कांग्रेस की ओर से ज्ञापन देने वालों में विधायक सुरेश गुर्जर, सभापति राजेश गुर्जर, उपसभापति फारूख अहमद, पीसीसी सदस्य शैलेन्द्र यादव कालू, सिद्दिक गौरी, हुकमचंद मीणा, आमीर खान और रईस पठान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जिला निर्वाचन अधिकारी बोले- रिजल्ट शीट पर एजेंटों के हस्ताक्षर

जिला निर्वाचन अधिकारी अजय सिंह राठौड़ ने कहा, मतगणना के दौरान किसी भी एजेंट को आपत्ति थी तो वह रिटर्निंग अधिकारी को लिखित में दे सकता था। रिजल्ट शीट पर एजेंटों के हस्ताक्षर हैं। इस संबंध में कांग्रेस जिलाध्यक्ष को भी बता दिया गया है। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना निष्पक्ष तरीके से कराई गई है। ज्ञापन में क्या मांग की गई है और उसमें क्या तथ्य दिए गए हैं, इसकी जांच करवाएंगे।

Also Read
View All
Jhalawar Panchayat Chunav 2026 Results: झालावाड़ में जिला परिषद-पंचायत समिति का परिणाम जारी, वसुंधरा के गढ़ में कांग्रेस का दबदबा

Jhalawar News: दरवाजे लगाकर रास्ते किए बंद, फिर बेच दी गली; राहगीर परेशान, अतिक्रमण हटाने की मांग

झालावाड़ ACB की बड़ी कार्रवाई: सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार का कार्यवाहक महाप्रबंधक 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार

राजस्थान-मध्यप्रदेश के बीच नई मेमू ट्रेन को रेल मंत्रालय की मंजूरी, रामगंजमंडी-भवानीमंडी-चौमहला सहित कई स्टेशनों को फायदा

Rajasthan Crime News: AI वीडियो से ब्लैकमेलिंग और पुराने सिक्कों के नाम पर ठगी, राजस्थान में महिला की मौत- बिहार से 6 लोग अरेस्ट