झालावाड़

Jhalawar : एएनटीएफ टीम की हिरासत में युवक की मौत, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हो रहा पोस्टमार्टम, पुलिस बल तैनात

Jhalawar : झालावाड़ के डग थाना क्षेत्र के घाटाखेड़ी गांव में शनिवार शाम को एंटी नारकोटिक्स टॉक्स फोर्स की टीम की कथित पिटाई से हुई मौत के बाद आज रविवार को युवक के शव का मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम हो रहा है। इस पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफ़ी भी कराई जा रही है। बताया जा रहा है कि एसपी अमित कुमार की समझाइश के बाद देर रात वार्ता सफल हुई।

3 min read
मृतक आरिफ, प्रदर्शन करते प्रदर्शनकारी। फोटो पत्रिका

Jhalawar : झालावाड़ के डग थाना क्षेत्र के घाटाखेड़ी गांव में शनिवार शाम को एंटी नारकोटिक्स टॉक्स फोर्स (एएनटीएफ) की टीम की कथित पिटाई से एक युवक की मौत हो जाने के बाद डग कस्बे में माहौल गरमा गया। परिजनों ने एएनटीएफ के जवानों पर गंभीर मारपीट का आरोप लगाया। युवक के शव को थाने के सामने रखकर परिजनों ने देर रात तक प्रदर्शन किया। एसपी अमित कुमार की समझाइश के बाद वार्ता सफल हुई। न्यायिक जांच, मेडिकल बोर्ड एवं वीडियो ग्राफ़ी एवं मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम हो रहा है। घटना के बाद नगर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है।

इससे पूर्व मृत युवक के परिजनों ने एएनटीएफ की टीम पर युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाते हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। पुलिस की पिटाई से दो अन्य युवक भी घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना से गुस्साए लोग मृतक के शव को आगर से लेकर रात को डग थाने के बाहर पहुंच गए। उन्होंने थाने के बाहर प्रदर्शन करते हुए शव को रखकर जाम लगा दिया। तनावपूर्ण माहौल देखकर डग के बाजार बंद हो गए।

सूचना मिलने पर झालावाड़ से एसपी अमित कुमार डग पहुंच गए। वहीं जिले से भारी पुलिस बल घाटाखेड़ी गांव और डग में तैनात किया गया है। परिजनों ने एएनटीएफ टीम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। रात को थाने के बाहर जमा लोगों को संबोधित करते हुए मृतक आरिफ खान पुत्र चमन खान के चचेरे भाई शाहिर खान ने आरोप लगाया कि कोटा से आई एएनटीएफ के जसवन्त सिह और अन्य लोगों ने आरिफ खान के साथ बुरी तरह मारपीट की। उसे पानी तक पीने नहीं दिया।

यह टीम गांव में लियाकत खान को ढूंढने आई थी, लेकिन लियाकत के बजाय उन्होंने निर्दोष आरिफ को पकड़ लिया और जंगल में ले जाकर मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। शाहिर ने आरोप लगाया कि पुलिस गांव में रह रहे पठानों को टारगेट कर रही है।

एसपी पर भड़के पर परिजन, वीडियो वायरल

गंभीर हालत में आरिफ को आगर अस्पताल ले जाते समय उनके परिजन झालावाड़ एसपी अमित कुमार पर भड़क गए। गंभीर हालत में लेटे आरिफ के साथ उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि पुलिस ने गुंडागर्दी करते हुए आरिफ के साथ बुरी तरह मारपीट की और गंभीर हालत में डग अस्पताल में पटककर चले गए।

एसपी ने एक विशेष समाज के लोगों को टारगेट कर रखा है। उनके खिलाफ कार्रवाई और घरों में तोड़फ़ोड़ कर रहे है। उन्होंने आरिफ की मौत के लिए एसपी को जिम्मेदार ठहराया।

मामले के बारे में झालावाड़ एसपी ने बताया

झालावाड़ एसपी अमित कुमार ने बताया कि जयपुर से एएनटीएफ की टीम को घाटाखेड़ी निवासी आरिफ खान पुत्र चमन खान और उसके साथियों के बारे में मादक पदार्थ तस्करी को लेकर जानकारी मिली थी। इस पर एएनटीएफ की टीम शनिवार दोपहर बाद घाटाखेड़ी गांव पहुंची और आरिफ और उसके साथियों को डिटेन किया। पुलिस आरिफ से पूछताछ कर रही थी, तभी उसकी तबियत खराब हो गई। सूचना मिलने पर स्थानीय थाने की पुलिस भी डग पहुंची। आरिफ को डग के उप जिला अस्पताल में लाया गया, जहां उसकी हालत को देखते हुए रेफर कर दिया गया।

दोषी पाया गया तो कार्रवाई होगी - एसपी अमित कुमार

मारपीट के आरोप पर एसपी अमित कुमार ने बताया कि परिजनों के आरोप के बारे में निष्पक्ष जांच की जाएगी। यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि जिले में सभी समाज के मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। एक समुदाय विशेष को टारगेट बनाने की बात गलत है। पुलिस की पिछली कार्रवाइयों को देखा जा सकता है।

ये भी पढ़ें

Weather Update 10 May : राजस्थान में आज मौसम के दो रंग, पश्चिमी में हीटवेव और 9 जिलों में मेघगर्जन, आंधी, बारिश का IMD अलर्ट
Published on:
10 May 2026 11:28 am
Also Read
View All