10 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Weather Update 10 May : राजस्थान में आज मौसम के दो रंग, पश्चिमी में हीटवेव और 9 जिलों में मेघगर्जन, आंधी, बारिश का IMD अलर्ट

Weather Update 10 May : मौसम केन्द्र के अनुसार रविवार को बाड़मेर, जैसलमेर और फलोदी में हीटवेव की स्थिति बनी रहने की संभावना है। वहीं कोटा और उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ आंधी-बारिश हो सकती है, जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा।

2 min read
Google source verification
Weather Update 10 May Meteorological Department Prediction today Western Rajasthan Heatwave and 9 Districts Thunderstorms Gusty Winds Rain

फोटो पत्रिका

Weather Update 10 May : राजस्थान में जेठ माह यानि मई महीने में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। जहां पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव का असर तेज है वहीं दक्षिण-पूर्वी जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। मौसम केन्द्र के अनुसार आज रविवार को भी बाड़मेर, जैसलमेर और फलोदी में हीटवेव की स्थिति बनी रहने की संभावना है। वहीं कोटा के 4 और उदयपुर संभाग के 5 जिलों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ आंधी-बारिश हो सकती है, जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा।

11-12 मई को फिर बदलेगा मौसम

मौसम विभाग ने बताया कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 11 और 12 मई को बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र और जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं आंधी और हल्की बारिश होने की संभावना है।

विभाग के अनुसार आगामी दिनों में राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अगले 5 से 6 दिनों तक हीटवेव और ऊष्णरात्रि (गर्म रातें) दर्ज होने की प्रबल संभावना जताई गई है।

बीते 24 घंटे में बाड़मेर में सबसे अधिक तापमान दर्ज

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में शनिवार को बाड़मेर, जैसलमेर और फलोदी में हीटवेव का असर रहा। सबसे अधिक दिन का पारा बाड़मेर में 45.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, जैसलमेर में 45, और फलोदी में 44.8 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं रात के तापमान में छह डिग्री तक बढ़ोतरी हुई।

दूसरी ओर बांसवाड़ा, बारां, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, कोटा और प्रतापगढ़ में मेघगर्जन के साथ आंधी और बारिश दर्ज की गई। राज्य के दिन के तापमान में तीन डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

रात का पारा 3 डिग्री तक बढ़ा

जयपुर में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो गया है। गर्मी का असर शुरू हो गया है। दिन और रात के तापमान में अब बढ़ोतरी होगी। मौसम केन्द्र के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान शनिवार को 39 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रात का तापमान 25.5 डिग्री दर्ज किया गया। रात के तापमान में सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। मौसम केन्द्र के अनुसार आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहेगा।

जयपुर मौसम का आज सुबह 7 बजे तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आज जयपुर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।