
फोटो - AI
Jaipur Metro Phase-2 : नई दिल्ली/जयपुर. जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण के निर्माण की राह आसान हो गई है। हाल ही केंद्रीय कैबिनेट से स्वीकृत इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए एशियन डवलपमेंट बैंक (एडीबी) साढ़े छह हजार करोड़ रुपए का ऋण प्रदान करेगा। इस वित्तीय व्यवस्था को गति देने के लिए मुख्य सचिव (सीएस) वी. श्रीनिवास ने शुक्रवार को दिल्ली में आर्थिक मामलात विभाग के सचिव सहित विभिन्न मंत्रालयों के अधिकारियों से मुलाकात की।
लगभग 13,500 करोड़ रुपए की कुल लागत वाले इस प्रोजेक्ट में एडीबी 6,565 करोड़ रुपए का ऋण देगा। मेट्रो के सिविल पैकेज की बिड प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सिग्नलिंग, रोलिंग स्टॉक, इलेक्ट्रिकल और ट्रैक पैकेजों के लिए ऋण प्रक्रिया तेज करने पर चर्चा की। इसके अलावा एडीबी राजस्थान शहरी लिवेबिलिटी (10,959 करोड़), पृथ्वी परियोजना (1,140 करोड़) और जल संसाधन परियोजनाओं (3,707 करोड़) के लिए भी ऋण देगा, जिसकी समीक्षा के लिए बैंक की टीम जल्द राजस्थान आएगी।
मुख्य सचिव ने कैबिनेट सचिव टी.वी.के. सोमनाथ और पीएम के सलाहकार शक्तिकांत दास से मुलाकात कर प्रदेश के नवाचारों की जानकारी दी। कैबिनेट सचिव ने 'राज उन्नति' मॉडल की सराहना करते हुए इसका प्रजेंटेशन केंद्र को भेजने का निर्देश दिया, ताकि इसे अन्य राज्यों में भी लागू किया जा सके।
1- अमृत 2.0: पिछले साल के 1,836 करोड़ के लंबित कार्यों को इस वर्ष पूरा करने की अनुमति मांगी।
2- पीएम स्वनिधि: 16,750 आवेदकों को जल्द बैंक ऋण दिलाने पर चर्चा।
3- निवेश: सिंगापुर की 'सिमकोर्क' के जरिए प्रदेश में निवेश को गति देना।
4- जनसुनवाई: संपर्क पोर्टल और 181 हेल्पलाइन पर एक दिन में 28 हजार समाधानों का रिकॉर्ड साझा किया गया।
5- सीएस ने 'धरती-आबा' और 'ग्राम उत्थान' अभियान के माध्यम से प्रदेश को अधिक लाभ दिलाने पर भी जोर दिया।
इससे पहले सीएम भजनलाल शर्मा के निर्देशों के बाद जयपुर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने पहले चरण के निर्माण कार्य के लिए 918 करोड़ रुपए से अधिक के प्रोजेक्ट को स्वीकृति देते हुए एलओए जारी कर दिया है। पहले पैकेज के तहत प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गोशाला तक करीब 12 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा।
इस हिस्से में एलिवेटेड वायाडक्ट के साथ 10 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे, जिनमें प्रहलादपुरा, मानपुरा, बीलवा कलां, बीलवा, गोनेर मोड़, सीतापुरा, जेईसीसी, कुंभा मार्ग, हल्दीघाटी गेट और पिंजरापोल गोशाला शामिल हैं। इसके अलावा डिपो से जुड़ने वाली स्पर लाइन का निर्माण भी इसी पैकेज में शामिल किया गया है।
Updated on:
10 May 2026 03:10 pm
Published on:
09 May 2026 07:16 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
