
झालावाड़। जिले की पिड़ावा पंचायत समिति में उप प्रधान पद के चुनाव के दौरान शनिवार को मतदान को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस और समर्थक आमने-सामने आ गए। कांग्रेस के पंचायत समिति सदस्यों को मतदान करने से रोके जाने के आरोप के बाद समर्थकों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते मतदान केंद्र के बाहर हंगामा शुरू हो गया। आक्रोशित लोगों ने वहां लगाए गए बैरिकेड तोड़ दिए और अंदर घुसने का प्रयास किया। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया।
घटना के बाद मतदान केंद्र के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को मौके से खदेड़ने का प्रयास किया। उप प्रधान चुनाव को लेकर पहले से ही राजनीतिक तनाव की आशंका बनी हुई थी। इसे देखते हुए प्रशासन ने मतदान केंद्र पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। एएसपी के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया था। दो बसों में पुलिसकर्मियों को मौके पर बुलाया गया था। इसके चलते मतदान केंद्र के आसपास का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।
कांग्रेस समर्थकों का आरोप था कि उनके पंचायत समिति सदस्यों को मतदान करने से रोका जा रहा है। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ता चला गया। प्रत्याशियों ने भी पुलिस प्रशासन के सामने अपनी बात रखते हुए मांग की थी कि पहले पंचायत समिति सदस्यों को मतदान करने दिया जाए। इसके बाद उनसे पूछताछ की जा सकती है। हालांकि, मतदान को लेकर पैदा हुआ गतिरोध दूर नहीं हो सका और विरोध कर रहे समर्थकों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा।
मतदान केंद्र के बाहर बढ़ते हंगामे और तनावपूर्ण हालात को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन पिड़ावा रोड की दुकानों को बंद करवा दिया। पुलिस के अतिरिक्त जाब्ते ने मौके पर मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। उप प्रधान चुनाव के दौरान हुए इस बवाल ने क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गरमा दिया। मतदान को लेकर शुरू हुआ विवाद लाठीचार्ज तक पहुंचने से प्रशासन की चुनौती भी बढ़ गई।