
Jhalawar Bhawani Mandi News: भवानीमंडी (झालावाड़): नगर में आमजन की सुविधा के लिए बनाई गई गलियां अब धीरे-धीरे अतिक्रमण की भेंट चढ़ती जा रही हैं। हालात यह हैं कि करीब 90 प्रतिशत गलियों पर कब्जे होने का आरोप है। कई जगह लोगों ने गलियों के दोनों तरफ दरवाजे लगाकर रास्ता बंद कर दिया है तो कहीं गलियों पर कब्जा कर उन्हें निजी इस्तेमाल में ले लिया है। इससे राहगीरों को एक रास्ते से दूसरे रास्ते तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है।
झालावाड़ नगर पालिका की ओर से नगर को सुनियोजित तरीके से बसाने के दौरान हर दो मकानों के बीच गलियां छोड़ी थीं, ताकि आमजन आसानी से एक रास्ते से दूसरे रास्ते तक पहुंच सकें, लेकिन समय के साथ इन गलियों पर अतिक्रमण बढ़ता गया। रेलवे स्टेशन से पचपहाड़ तक, पुरानी सब्जी मंडी, पोस्ट ऑफिस मार्ग से शिवालय मार्ग, बालाजी तिराहे से पावर हाउस और टगर चौराहे से रेलवे स्टेशन मार्ग सहित कई इलाकों में अतिक्रमण की समस्या सामने आ रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई मकान मालिकों ने नगर पालिका में मिलीभगत कर सड़कों की जमीन पर कब्जा कर लिया। इतना ही नहीं, कुछ लोगों ने डीएलसी दर पर जमीन खरीदकर उसके पट्टे तक बनवा लिए। ऐसे में सार्वजनिक उपयोग के लिए छोड़ी गई गलियों का अस्तित्व ही खत्म होता जा रहा है।
गलियां बंद होने से लोगों को एक रास्ते से दूसरे रास्ते पर जाने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। पहले पैदल राहगीर गलियों के रास्ते कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंच जाते थे, लेकिन अब रास्ते बंद होने से परेशानी बढ़ गई है।
राजेश ने बताया कि नगर पालिका को गलियों से जल्द अतिक्रमण हटवाना चाहिए। सोहन बाई ने कहा कि कब्जाधारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जानी चाहिए। वहीं, प्रेमलता वर्मा ने बताया कि लगभग हर गली में कब्जा हो चुका है। गलियों में बने सार्वजनिक शौचालय भी तोड़ दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष महिला हैं, ऐसे में उन्हें महिलाओं की इस परेशानी को समझते हुए समाधान करवाना चाहिए।
नगर की सड़कों पर नेताओं की शह पर कब्जे हुए हैं। जल्द ही इनसे अतिक्रमण हटवाया जाएगा। जिन सड़कों को बेचा गया है, उनके पट्टे नियमानुसार निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी और सड़कों को वापस आमजन के आवागमन के लिए खोला जाएगा।
-पिंकी गुर्जर, अध्यक्ष, नगर पालिका, भवानीमंडी