
झालावाड़। जिले के दांगीपुरा थाना क्षेत्र के डेकड़ियाखेड़ी गांव में नाले में पत्थर लगाने की मामूली बात को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-गंडासी से मारपीट शुरू हो गई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद झालावाड़ जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में जानलेवा हमले का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दांगीपुरा थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह के अनुसार डेकड़ियाखेड़ी गांव में बंशीलाल और कालूलाल तंवर के खेत और मकान नाले के पास एक-दूसरे के नजदीक हैं। बताया गया कि एक परिवार के सदस्यों ने दूसरे मकान की तरफ नाले में पत्थर लगा दिए थे। इसके कारण कालूलाल के मकान की दीवार गिर गई। दीवार गिरने के बाद पत्थरों को हटाने को लेकर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से भिड़ गए। कुछ ही देर में मामला मारपीट तक पहुंच गया और लाठी-गंडासी चलने लगी। अचानक हुए इस झगड़े से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट में घायल 6 लोगों का मनोहरथाना सीएचसी में उपचार हुआ, वहीं एक की हालत गंभीर होने पर झालावाड़ रेफर किया गया है। तीन लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
मारपीट में एक पक्ष से बंशीलाल पुत्र श्रीलाल तंवर, उनकी पत्नी लीला बाई, मांगीलाल पुत्र बंशीलाल, नानूराम पुत्र बंशीलाल और कंचन बाई पुत्री बंशीलाल घायल हुए। वहीं दूसरे पक्ष से कालूलाल पुत्र राधेलाल तंवर, हेमराज पुत्र कालूलाल और रमेश पुत्र लालसिंह घायल हुए।
इसके अलावा कोयल पत्नी रमेश, पांची बाई पत्नी कालू और हेमलता पुत्री कालू को भी मारपीट में मामूली चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए मनोहरथाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
सीएचसी में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। मांगीलाल की हालत गंभीर होने पर उसे झालावाड़ जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार गंभीर घायल मांगीलाल की ओर से शिकायत मिलने पर प्राणघातक हमले का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब घटना के कारणों और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।