झालावाड़

Jhalawar Panchayat Election 2026: जिला परिषद-पंचायत समिति चुनाव के लिए पहले चरण की वोटिंग कल, 4.55 लाख वोटर्स करेंगे मतदान

Jhalawar Panchayat Chunav 2026: झालावाड़ जिले में पंचायती राज चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को चार पंचायत समितियों में मतदान होगा। अकलेरा, भवानीमंडी, डग और मनोहरथाना की 128 ग्राम पंचायतों में 4.55 लाख से अधिक मतदाता वोट डालेंगे। पंचायत समिति के 88 और जिला परिषद के 17 सदस्यों सहित कुल 105 पदों के लिए 467 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।
2 min read
• •
Oct 21, 2026
Jhalawar Panchayat Election
Jhalawar Panchayat Election: राजकीय पॉलिटे​क्निक कॉलेज में अंतिम प्र​शिक्षण लेते कर्मचारी। (फोटो-पत्रिका)

झालावाड़। पंचायती राज चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को झालावाड़ जिले की चार पंचायत समितियों में मतदान होगा। अकलेरा, भवानीमंडी, डग और मनोहरथाना की 128 ग्राम पंचायतों में पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इस चरण में 4 लाख 55 हजार 263 मतदाता वोट डालकर 105 जनप्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। मतदान के लिए जिले में 467 केंद्र बनाए गए हैं। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।

चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। बुधवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री के साथ संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। मतदान के साथ ही चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य मतपेटियों में बंद हो जाएगा।

105 सदस्यों के लिए होगा मतदान

पहले चरण में जिले की चार पंचायत समितियों के 88 सदस्यों और जिला परिषद के 17 सदस्यों के लिए मतदान होगा। पंचायत समिति सदस्यों की सबसे अधिक 23-23 सीटें अकलेरा और डग में हैं। भवानीमंडी और मनोहरथाना में 21-21 सदस्यों का चुनाव होगा। जिला परिषद की पांच सीटें अकलेरा क्षेत्र में हैं, जबकि भवानीमंडी, डग और मनोहरथाना में चार-चार सदस्यों के लिए मतदान होगा। मतदान केंद्रों की संख्या के लिहाज से अकलेरा सबसे आगे है। यहां 130 केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। डग में 121, मनोहरथाना में 109 और भवानीमंडी में 107 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर मतदान की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।

चारों पंचायत समितियों में मतदान का गणित

पंचायत समितिग्राम पंचायतेंपंचायत समिति सदस्यजिला परिषद सदस्यमतदान केंद्र
अकलेरा35235130
भवानीमंडी29214107
डग34234121
मनोहरथाना30214109
कुल1288817467

मतपत्र और मतपेटी से होगा मतदान, कार्मिकों को निर्देश

पंचायती राज आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के लिए बुधवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद दल अकलेरा, भवानीमंडी, डग और मनोहरथाना के लिए रवाना हुए। जिला निर्वाचन अधिकारी अजय सिंह राठौड़ ने मतदान कार्मिकों को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद मतपत्र और मतपेटी के माध्यम से मतदान कराया जा रहा है। ऐसे में निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी सावधानी से संपन्न कराना जरूरी है। मतदान केंद्रों पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं और निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन हो।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी कार्मिक निष्पक्षता और जिम्मेदारी से काम करें। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी व्यक्ति का आतिथ्य स्वीकार नहीं करने और किसी भी समस्या या अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने चेताया कि लापरवाही या निर्देशों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन और पुलिस ने मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की है। मतदान समाप्त होने के बाद निर्वाचन सामग्री को नियमानुसार सील कर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने और स्ट्रॉन्ग रूम में जमा कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री के इस्तेमाल, गोपनीयता और प्रक्रिया से जुड़े जरूरी दिशा-निर्देश समझाए गए।

यह वीडियो भी देखें :