झालावाड़

LPG Gas New Rule: सिलेंडर संकट के बीच सरकार डी-एक्टिवेट कर रही इन लोगों के कनेक्शन, हजारों उपभोक्ताओं पर पड़ेगा असर

LPG Cylinder Booking Rule Changed: घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब लंबे समय से गैस सिलेंडर नहीं लेने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन डि-एक्टिव किए जा रहे हैं, जिससे हजारों लोगों पर असर पड़ सकता है।
2 min read
LPG
फाइल फोटो: पत्रिका

LPG Gas Crisis: अमरीका-इरान के बीच चल रहे युद्ध के बाद घरेलू रसोई सिलेंडर का संकट बरकरार है। उपभोक्ता सुबह से शाम तक गैस एजेंसियों के आगे सिलेंडर लेने एवं बुकिंग कराने के लिए चक्कर लगा रहे हैं। उसके बाद भी उन्हें राहत नहीं मिल रही है।

अब सरकार ने उन घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के ग्राहकों के कनेक्शन भी डि-एक्टिव करना शुरू कर दिया है जो नौ माह से सिलेंडर नहीं ले रहे हैं। इसे लेकर भी उपभोक्ता गैस एजेंसियों के चक्कर काट कर अपने कनेक्शन बचाने में लगे हुए है। झालावाड़ में तीन कंपनियों की गैस एजेंसियां है। इन पर सुबह से उपभोक्ता डायरी लिए खड़े रहते हैं।

गत एक सप्ताह से घरेलू रसोई गैस सिलेंडर एवं कॉमर्शियल सिलेंडर का संकट बना हुआ है। बुकिंग नहीं होने एवं समय पर सिलेंडर नहीं मिलने की वजह से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उधर काॅमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति समय पर नहीं मिलने की वजह से मिठाई-नमकीन के व्यापारियों के सामने संकट खड़ा हो गया है। इसे देखते हुए अब व्यापारियों ने डीजल भट्टियों को संभालना शुरू कर दिया है। दुकानदार लालचन्द सुमन ने बताया कि लंबे समय से डीजल भट्टियों को चलाना बंद कर दिया था, लेकिन अब कॉमर्शियल सिलेंडर की मारामारी के चलते भट्टियों को संभाल रहे हैं।

करीब 20 हजार कनेक्शन डि-एक्टिव

झालावाड़ जिले में करीब 20 हजार कनेक्शन ऐसे हैं जो अभी डी-एक्टिव है। इनमें सबसे ज्यादा संख्या उज्ज्वला गैस कनेक्शन की करीब 15 हजार है, जिन्होंने 2016-17 में कनेक्शन लेने के बाद एक बार भी दोबारा गैस सिलेंडर नहीं लिया। वहीं करीब 5 हजार अन्य लोग ऐसे है जिन्होंने भी नौ माह से अधिक समय से गैस सिलेंडर नहीं लिया है। अब ऐसे कनेक्शन को रसद विभाग डि एक्टीव कर रहा है।

फैक्ट फाइल

  • झालावाड़ जिले में उज्ज्वला गैस कनेक्शन- 2 लाख 16 हजार
  • घरेलू गैस कनेक्शन- 1 लाख 77 हजार
  • जिले में कुल एजेंसियां- 24

8 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त

जिलेभर में घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करने व गाड़ियों में काम में लेने वालों के खिलाफ रसद विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वालों में जिला रसद अधिकारी जितेंद्र कुमार,प्रवर्तन निरीक्षक राजपाल गोदारा द्वारा घरेलू गैस के अवैध उपयोग की रोकथाम के लिए लव कुश टी स्टॉल बायपास रोड बकानी पर दबिश दी गई । जहां मौके पर जगदीश नामक व्यक्ति मिला दुकान के पीछे बने गोदाम से तलाशी लेने पर 8 घरेलू गैस के सिलेंडर मिले, जिसमें से 3 भरे हुए और 5 खाली और एक इलेक्ट्रॉनिक मोटर जो रिफिलिंग के काम में ली जाती है। एक इलेक्ट्रॉनिक तोल कांटा जब्त किया गया है। उक्त जब्त सामग्री को पास की एजेंसी बकानी इंडेन गैस की सुपुर्दगी में दिए गए। वहीं जिले में 5 कार्रवाई में 63 सिलेंडर जब्त कर लिए।

अब दिक्कत नहीं है आगे से पर्याप्त मात्रा में गैस की आपूर्ति हो रही है। डिलर अपनी आवश्यकता के अनुसार गाड़ी मंगवा रहे हैं।
एके सिंह, जिला नोडल अधिकारी, झालावाड़

Updated on:
19 Mar 2026 02:39 pm
Published on:
19 Mar 2026 02:39 pm