
झालावाड़। जिले में अपराधियों और नशा माफियाओं के लिए मंगलवार का दिन भारी रहा। पुलिस ने एक साथ कई बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए जहां हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों हटा दिया। वहीं नशे के कारोबार से अर्जित 1.35 करोड़ रुपए की संपत्तियों पर भी शिकंजा कस दिया। जिले के पनवाड़ थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर कुंजबिहारी मीणा, उसके भाई महावीर व बालचंद गुर्जर के अवैध कब्जों को हटाकर करीब 20 बीघा सरकारी जमीन मुक्त कराई गई।
यह वीडियो भी देखें
इन अपराधियों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। झालरापाटन क्षेत्र में हार्डकोर अपराधी सागर कुरैशी के अवैध कब्जों पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए नगर पालिका की बेशकीमती जमीन पर किए गए निर्माण को जमींदोज किया। सागर कुरैशी पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और अवैध वसूली जैसे कई मामले दर्ज हैं।
झालावाड़ पुलिस ने ऑपरेशन दिव्य प्रहार-2.0 के तहत नशा तस्करों प्रभुलाल तंवर, पांचूलाल तंवर और रामा लाल तंवर सहित अन्य आरोपियों की अवैध कमाई से अर्जित चल-अचल संपत्तियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68 एफ के तहत फ्रीज किया। इन संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 1.31 करोड़ रुपए बताई गई है। पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों और नशा माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
बता दें कि प्रशासन एवं पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रंगदारी और हत्या के आरोपी कुरैशी गैंग के सरगना हार्डकोर अपराधी सागर कुरैशी के सात स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को जेसीबी मशीनों से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान बेशकीमती जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि सूरजपोल दरवाजा बाहर निवासी सागर कुरैशी अपराध प्रवृत्ति का व्यक्ति है।
वह अपने गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर मारपीट, आमजन व प्रतिष्ठित व्यक्तियों तथा व्यापारियों को डराने-धमकाने, असहाय लोगों की संपत्ति पर कब्जा करने, हत्या व हत्या के प्रयास, व्यापारियों से जान से मारने की धमकी देकर अवैध वसूली तथा फिरौती मांगने जैसे अपराधों में लगातार शामिल रहा है। उन्होंने बताया कि सागर कुरैशी गैंग का मुखिया है और वर्ष 2016 से अपने साथियों के साथ गैंग के रूप में सक्रिय है। वह अपने साथियों से नियमित आर्थिक लाभ लेने के लिए अपराध करवाता रहा है। झालरापाटन थाने का हिस्ट्रीशीटर है तथा जिला स्तरीय हार्डकोर अपराधियों की श्रेणी में शामिल है।
सागर ने भेरूपुरा बस्ती में नगरपालिका की बेशकीमती जमीनों पर अवैध कब्जा कर उन्हें अपने साथियों के सुपुर्द कर दिया था। इसके बाद वहां अतिक्रमण कर निर्माण किया गया। तहसीलदार मंगलवार को नरेंद्र कुमार मीणा, नगरपालिका प्रशासन, पुलिस उप अधीक्षक हर्षराज सिंह खरेड़ा तथा थानाधिकारी हंसराज मीणा के नेतृत्व में भारी पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई और सभी अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सागर विभिन्न आपराधिक गतिविधियों के जरिए अवैध संपत्तियां अर्जित कर रहा था। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में कुल 11 प्रकरण दर्ज हैं। उसके खिलाफ हत्या के दो प्रकरण दर्ज हैं।