
झालावाड़। खानपुर पंचायत समिति में उपप्रधान पद के चुनाव ने राजनीतिक मुकाबले को रोचक बना दिया है। यहां भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी आमने-सामने हैं, लेकिन इस मुकाबले की खास बात राजनीतिक दलों से ज्यादा पारिवारिक रिश्ते हैं। उपप्रधान पद के लिए मामी ससुर और दामाद एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव मैदान में उतर गए हैं। दोनों के नामांकन दाखिल करने के बाद क्षेत्र में इस मुकाबले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
झालावाड़ जिले की खानपुर पंचायत समिति में उपप्रधान पद के लिए भाजपा की ओर से पनवाड़ निवासी गोविन्द सुमन ने नामांकन दाखिल किया है, जबकि कांग्रेस ने सारोलाकला निवासी कन्हैयालाल सुमन को प्रत्याशी बनाया है। दोनों प्रत्याशियों के बीच पारिवारिक रिश्ता भी है। भाजपा प्रत्याशी गोविन्द सुमन कांग्रेस प्रत्याशी कन्हैयालाल सुमन के मामी ससुर हैं, जबकि कन्हैयालाल उनके दामाद हैं।
शनिवार को दोनों प्रत्याशियों ने उपप्रधान पद के लिए अपने-अपने नामांकन दाखिल किए। इसके साथ ही खानपुर पंचायत समिति में चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो गया है। दोनों प्रत्याशी अपनी-अपनी पार्टी के समर्थन और पंचायत समिति सदस्यों के वोटों के गणित के आधार पर जीत की रणनीति बनाने में जुटे हैं।
खानपुर पंचायत समिति के इस चुनाव में राजनीतिक दलों की प्रतिष्ठा दांव पर है, वहीं पारिवारिक रिश्तों के आमने-सामने आने से मुकाबले ने अलग रंग ले लिया है। चुनावी मैदान में दोनों प्रत्याशी अपनी पार्टी के झंडे के साथ उतरेंगे, लेकिन क्षेत्र में चर्चा इस बात की भी है कि रिश्तेदारी के बीच राजनीतिक मुकाबला किस करवट बैठेगा।
अब निगाहें उपप्रधान पद के चुनाव परिणाम पर टिकी हैं। देखना होगा कि पंचायत समिति सदस्यों का समर्थन किस प्रत्याशी को मिलता है और इस रोचक मुकाबले में जीत का सेहरा किसके सिर बंधता है। फिलहाल खानपुर पंचायत समिति का उपप्रधान चुनाव क्षेत्र में राजनीतिक और पारिवारिक चर्चा का केंद्र बना हुआ है।