झालावाड़

राजस्थान में नहीं रहना चाहती थी बिहार से शादी करके आई युवती, 6 युवक कार में ले जा रहे थे साथ, पुलिस ने किया गिरफ्तार

झालावाड़ के रटलाई क्षेत्र में बिहार से शादी कर आई युवती को कार से ले जा रहे छह युवकों को पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार युवती ससुराल में नहीं रहना चाहती थी और उसने परिचितों को बुलाया था।
2 min read
Jhalawar News
पुलिस ने जब्त की कार (फोटो: पत्रिका)

Rajasthan News: राजस्थान के झालावाड़ जिले के रटलाई में अकलेरा क्षेत्र से एक युवती को कार में बैठाकर ले जा रहे 6 युवकों का पुलिस और ग्रामीणों ने फिल्मी अंदाज में पीछा करते हुए पुलिस और ग्रामीणों ने उन्हें बोरखेड़ी गांव के पास घेर लिया। बचने के लिए कार मोड़ने की कोशिश में उसका पहिया नाली में उतर गया। इसके बाद पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को सभी आरोपियों को बकानी तहसीलदार के समक्ष पेश किया। वहीं युवती को पूछताछ के बाद नारी निकेतन भेज दिया गया।

थानाधिकारी लोकेश कुमार मीणा ने बताया कि अकलेरा थाना क्षेत्र के मदनपुरिया गांव में करीब एक महीने पूर्व बिहार निवासी युवती का विवाह हुआ था। पुलिस के अनुसार युवती राजस्थान में नहीं रहना चाहती थी। उसने अपने परिचितों को फोन कर बुलाया जिसके बाद जयपुर और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले विकास सैनी, कृष्णा जांगिड़, अभिषेक जांगिड़, कुशाल सिंह, लक्ष्मण जांगिड़ और अजय जांगिड़ मंगलवार को कार लेकर गांव पहुंचे। आरोप है कि सभी युवती को उसके पीहर और ससुराल पक्ष को बिना सूचना दिए अपने साथ लेकर रवाना हो गए।

ग्रामीणों ने विरोध किया

युवती को ले जाते देख ग्रामीणों ने विरोध किया लेकिन आरोपी कार लेकर निकल गए। रास्ते में गेहूंखेड़ी गांव के लोगों ने भी उन्हें रोकने का प्रयास किया लेकिन कार तेज गति से निकल गई। इसके बाद रटलाई पुलिस को सूचना दी गई कि कुछ लोग एक युवती को जबरन कार में बैठाकर ले जा रहे हैं।

ट्रैक्टर खड़ा कर रास्ता रोका

सूचना मिलते ही पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान संदिग्ध कार थाना के सामने से तेज रफ्तार में निकली। पुलिस ने पीछा किया लेकिन कार हाथ नहीं लगी। इसके बाद पुलिस ने झालरापाटन मार्ग स्थित बोरखेड़ी गांव के ग्रामीणों से संपर्क किया। ग्रामीणों ने तत्काल सड़क पर ट्रैक्टर खड़ा कर रास्ता अवरुद्ध कर दिया। सामने रास्ता बंद देखकर चालक ने कार वापस मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन कार का पहिया नाली में उतर गया। इतने में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने विकास सैनी, कृष्णा जांगिड़, अभिषेक जांगिड़, कुशाल सिंह, लक्ष्मण जांगिड़ और अजय जांगिड़ को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली। बुधवार को पुलिस ने सभी छह आरोपियों को बकानी तहसीलदार के समक्ष पेश किया। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

Updated on:
09 Jul 2026 09:00 am
Published on:
09 Jul 2026 08:57 am