7 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

झालावाड़ में युवक की तलवार से हत्या के बाद बवाल, ग्रामीणों ने फूंक डाला 10 बीघा लहसुन, आरोपी के बाड़े में लगाई आग

Jhalawar Murder Case: झालावाड़ के खंडी गांव में रास्ते के विवाद में इंद्रराज धाकड़ की तलवार मारकर हत्या कर दी गई। मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों के बाड़े में आग लगा दी, जिससे 10 बीघा लहसुन जलकर राख हो गया।
2 min read
Google source verification
Jhalawar Murder Case

हत्या के आरोपी के बाड़े में लगाई आग (पत्रिका फोटो)

Jhalawar Murder News: सारोलाकला (झालावाड़): राजस्थान के झालावाड़ जिले में सारोलाकला क्षेत्र के खंडी गांव से एक बेहद सनसनीखेज और हिंसक मामला सामने आया है। यहां रास्ते के मामूली विवाद ने ऐसा खूनी रूप अख्तियार कर लिया कि एक युवक की जान चली गई। इस हत्याकांड के बाद पूरे गांव में जबरदस्त आक्रोश फैल गया और गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी के बाड़े में आग लगा दी, जिससे वहां रखा करीब 10 बीघा का लहसुन जलकर पूरी तरह राख हो गया।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, खंडी गांव में रास्ते को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। यह विवाद इतना बढ़ गया कि छीतरलाल धाकड़, राजू उर्फ राजेंद्र और भगवानलाल धाकड़ ने मिलकर इंद्रराज धाकड़ पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया।

तलवार के वार से इंद्रराज गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन घाव गहरे होने के कारण रविवार शाम को उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।

मौत के बाद भड़का गुस्सा

जैसे ही युवक का शव गांव पहुंचा, मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। हत्या से आक्रोशित भीड़ ने सोमवार शाम को आरोपियों के बाड़े पर धावा बोल दिया और वहां आग लगा दी। बाड़े में भारी मात्रा में कटी हुई लहसुन की फसल रखी थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे करीब 10 बीघा क्षेत्र में फैला पूरा लहसुन जलकर नष्ट हो गया।

पुलिस बल तैनात, स्थिति नियंत्रण में

घटना की सूचना मिलते ही सारोला थाना पुलिस भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने दमकल और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

फिलहाल, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस ने हत्या और आगजनी दोनों अलग-अलग मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।