
Rajasthan Crime News: झालावाड़ जिले की पनवाड़ थाना पुलिस ने कपड़े की दुकान में लूट का प्रयास करने वाली महिला गैंग का खुलासा करते हुए 4 आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए ब्लेड के टुकड़े और लाल मिर्च पाउडर भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार ये गैंग राजस्थान के अन्य जिलों में भी चोरी और नकबजनी जैसी वारदातों को अंजाम दे चुकी हैं।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिले में लूट और डकैती की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पनवाड़ थाना पुलिस ने 28 जून 2026 को कार्रवाई करते हुए लूट के प्रयास के मामले में 4 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। ये कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोराजमल मीणा और खानपुर वृत्ताधिकारी गरीमा जिंदल के सुपरविजन में की गई।
पुलिस के अनुसार पनवाड़ कस्बे में स्थित एक कपड़े की दुकान में लूट का प्रयास किया था। प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी महिलाओं की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में हेमलता उर्फ ममता (निवासी सरकन्या थाना सीसवाली जिला बारां), रंगीली, भुली बाई और कोशना (निवासी काचरी थाना अटरू जिला बारां) शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी महिलाएं वारदात के दौरान यदि कोई व्यक्ति विरोध करता था तो उसकी आंखों में लाल मिर्च पाउडर डाल देती थीं या ब्लेड से हमला कर घायल कर लूट की वारदात को अंजाम देती थीं। पुलिस ने आरोपियों के पास से ब्लेड के टुकड़े और लाल मिर्च पाउडर जब्त किया है, जिनका इस्तेमाल वारदात में किया जाता था।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में ये भी सामने आया है कि यह महिला गैंग राजस्थान के अन्य जिलों में चोरी और नकबजनी जैसी घटनाओं में भी शामिल रही है। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गैंग के अन्य सदस्य भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं। इस कार्रवाई में झालावाड़ जिले के पनवाड़ थाना प्रभारी जाकिर हुसैन, सारोला थाना प्रभारी बुद्धराम सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।