झालावाड़

Jhalawar Crime: पिता ने जमीन बेचने से मना किया तो बेटे ने किया हमला, मां और भाई को भी दी धमकी

Rajasthan News: झालावाड़ में जमीन विवाद को लेकर बेटे ने अपने ही पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। पिता द्वारा जमीन बेचने से इनकार करने पर आरोपी ने मां और भाई को भी धमकी दी।
2 min read
• •
Updated: 19 Jun 2026, 8:27 AM IST
Jhalawar Crime
अस्पताल की फोटो: पत्रिका

Son Attacks Father On Land Dispute: झालावाड़ के चौमहला में उन्हैल नागेश्वर थाना क्षेत्र के बेड़ला गांव में जमीन विवाद को लेकर बेटे ने अपने ही पिता पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव करने पहुंची मां और छोटे भाई को भी आरोपी ने धमकी दी और डराया भी। हालांकि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।

थानाधिकारी रामकरण कटारिया ने बताया कि घायल की पत्नी गंगाबाई ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार उनका बड़ा बेटा गोविन्द सिंह परिवार से अलग रहता है और उसे शराब पीने की लत है। वह अपने हिस्से की जमीन और मकान बेचना चाहता था लेकिन उसके पिता शंकर सिंह इसका विरोध कर रहे थे। इसी बात को लेकर वह आए दिन परिवार के साथ झगड़ा और गाली-गलौज करता था और कई बार मारपीट की स्थिति भी बन चुकी थी, जिससे परिवार काफी परेशान था।

तलवार लेकर घर पहुंचा बेटा

बुधवार रात करीब आठ बजे गोविन्द सिंह तलवार लेकर घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए मां को धमकाने लगा। इस दौरान छोटे भाई दिलीप सिंह और पिता शंकर सिंह ने उसे समझाने का प्रयास किया तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पिता के सिर पर तलवार से वार कर दिया। शंकर सिंह ने बचाव के लिए हाथ आगे कर दिया, जिससे तलवार उनके बाएं हाथ के पंजे पर लगी और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के दौरान आरोपी ने घर में मौजूद अन्य परिजनों को भी जान से मारने की धमकी दी और लगातार हंगामा करता रहा।

इसके बाद गंगाबाई और छोटे बेटे दिलीप ने बीच-बचाव कर किसी तरह घायल शंकर सिंह को सुरक्षित बाहर निकाला और तुरंत चौमहला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला चिकित्सालय झालावाड़ रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया और लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने गंगाबाई की रिपोर्ट पर गोविन्द सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

Updated on:
19 Jun 2026, 8:27 AM IST
Published on: