झांसी में मॉनसून का आगमन दमदार हुआ। पिछले 24 घंटों में 1.5 इंच बारिश हुई, जिससे सड़कों पर जलजमाव हो गया है। मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
Jhansi rain 2024: मॉनसून के आगमन के साथ ही झांसी में बारिश का दौर जारी है। लगातार दूसरे दिन भी शहर में झमाझम बारिश हुई। रविवार को उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक बारिश झांसी में दर्ज की गई। 24 घंटे में ही यहां 37 मिलीमीटर (1.5 इंच) बारिश हुई।
शनिवार रात से शुरू हुई बारिश रविवार को भी जारी रही। रविवार सुबह से ही बारिश की झड़ी लगी रही और पूरे दिन रुक-रुककर बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार झांसी में पिछले 24 घंटे में 37 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई है। इस सीजन में अब तक 91 मिलीमीटर (3.71 इंच) बारिश हो चुकी है। बारिश के कारण तापमान भी गिरकर 30 डिग्री सेल्सियस तक आ गया है।
क्षेत्रीय मौसम इकाई के अनुसार 1 जुलाई को तेज हवाओं के साथ रिमझिम बारिश हो सकती है। 2 से 4 जुलाई तक फिर मूसलाधार बारिश होने और तेज हवा चलने के आसार हैं।
लगातार बारिश से शहर की सड़कें जलमग्न हो गई हैं। कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
बारिश के पानी की निकासी के लिए नगर निगम द्वारा कोई समुचित इंतजाम नहीं किए गए हैं। जिसके कारण शहर में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। लोगों ने नगर निगम से जलभराव की समस्या का जल्द से जल्द समाधान करने की मांग की है।