झांसी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने पहले अपनी पत्नी का पहले गला काटा, फिर खुद पर भी कई वार किए।
Jhansi Crime News: झांसी के थाना के बसोबई गांव में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक घटना घटी। यहां एक पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद खुद भी चाकू से अपनी गर्दन पर वार करके जान लेने की कोशिश की। दोनों लहूलुहान हालत में काफी देर तक जंगल में पड़े रहे। घायल महिला ने किसी तरह अपनी बेटी को फोन पर सूचना दी, जिसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल पहुंचाने में कामयाब हुए।
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अवधेश गोस्वामी अपनी पत्नी गुड्डी को बाजार जाने का बहाना बनाकर बाइक पर लेकर निकला। वह बसोबई गांव के पास बेतवा नहर के किनारे पहुंचा। यहां उसने अचानक चाकू निकालकर अपनी पत्नी गुड्डी का गला रेत दिया। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद अवधेश ने खुद अपनी गर्दन पर चाकू से कई वार कर लिए।
दोनों खून से लथपथ होकर जंगल में गिर पड़े।
चाकू मारने के बाद अवधेश ने उसे वापस अपने बैग में रख लिया। काफी देर तक दोनों वहां बेहोश पड़े रहे। घायल हालत में भी गुड्डी ने हिम्मत दिखाई और अपनी छोटी बेटी नीलम को फोन कर पूरी घटना बता दी। बेटी ने तुरंत परिवार को सूचना दी। परिजनों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों को निकाला। अवधेश गोस्वामी थाना पूंछ के तला मोहल्ला का रहने वाला है। वह एक स्थानीय होटल में खाना बनाने का काम करता है। उसके परिवार में पत्नी गुड्डी के अलावा 4 बेटे और 3 बेटियां हैं। तीन दिन पहले ही अवधेश और गुड्डी दिल्ली से अपनी बड़ी बेटी नीतू से मिलकर लौटे थे। दिल्ली से वापस आने के बाद अवधेश घर बनाने का काम कर रहा था। बुधवार को वह पत्नी को साथ लेकर निकला था। परिजनों का कहना है कि दोनों के बीच आपसी विवाद चल रहा था, लेकिन घटना की सही वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।
पुलिस की भूमिका और जांच
पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां से उनकी हालत नाजुक देखते हुए दोनों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। समथर थाना पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। लेकिन दोनों घायल अचेत होने के कारण घटना की असली वजह अभी पता नहीं चल सकी है। पुलिस टीम पूरी घटना की गहन छानबीन कर रही है। चाकू और अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी।
घटना से फैली दहशत
इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। बसोबई गांव और आसपास के इलाकों में लोग इस बात पर हैरान हैं कि एक सामान्य परिवार में ऐसा कैसे हो गया। परिजन अभी भी सदमे में हैं। अस्पताल में दोनों की हालत पर नजर रखी जा रही है।