झांसी

शादी से पहले काट डाला युवती का गला, 100 मीटर दूरी पर लटका मिला युवक का शव, दोनों के बीच था ये रिश्ता

मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सीमा पर निवाड़ी के सेंदरी क्षेत्र में युवती का गला रेतकर शव मिला, जबकि पास ही युवक फंदे पर लटका मिला।
2 min read
Apr 13, 2026
पहाड़ियों में युवती की हत्या, 100 मीटर दूर युवक फंदे पर
पहाड़ियों में युवती की हत्या, 100 मीटर दूर युवक फंदे पर

Jhansi Crime News: मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के सेंदरी थाना इलाके में डिमरपुरा-पूंछा पहाड़ियों पर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवती का शव धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या के बाद पड़ा मिला, जबकि कुछ दूरी पर एक युवक का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका हुआ था। दोनों शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के उच्च अधिकारी भी तुरंत मौके पर पहुंचे। अभी तक मौत की सही वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस प्रेम प्रसंग, आत्महत्या या किसी साजिश के पहलू पर गहन जांच कर रही है।

युवती की शादी होने वाली थी

मृत युवती वर्षा रायकवार सेंदरी थाना क्षेत्र के गुलेटर गांव की रहने वाली थी। परिजनों के अनुसार उसकी शादी जल्द होने वाली थी। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे वह कुएं पर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। शाम तक घर नहीं लौटी तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। जब कोई सुराग नहीं मिला तो रविवार सुबह वर्षा के पिता किशोरी ने सेंदरी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और अन्य संपर्कों के आधार पर तलाश शुरू की, जो मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश बॉर्डर तक पहुंच गई।

युवक का शव फंदे पर लटका

युवक चंद्रभान रायकवारउर्फ हरेंद्र टहरौली के सिलोरी गांव का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार उसकी वर्षा से बातचीत होती रहती थी। वर्षा, चंद्रभान की बहन मोहनी की चचेरी ननद थी और उसके घर भी आना-जाना था। रविवार शाम पुलिस पहाड़ी इलाके में पहुंची तो पहले वर्षा का शव जमीन पर पड़ा मिला। उसकी गर्दन धारदार हथियार से काटी गई थी। करीब 100 मीटर दूर चंद्रभान का शव पेड़ से लटका हुआ था। फंदा तौलिए और दुपट्टे से बनाया गया था। उसके पांव जमीन को छू रहे थे। शव के पास मोटरसाइकिल, पानी की बोतल, रोटी, प्याज और टमाटर भी पड़े मिले। हालांकि शव के आसपास खून के निशान नहीं थे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

प्रेम प्रसंग की आशंका

पुलिस दोनों के बीच प्रेम संबंध की संभावना जता रही है। चंद्रभान की शादी एक साल पहले हो चुकी थी और शुक्रवार को वह अपनी पत्नी को घर लाया था। शनिवार दोपहर वह कटेरा जाने की बात कहकर घर से निकला था। परिजनों ने प्रेम प्रसंग की बात से इनकार किया है। चंद्रभान के परिवार ने बताया कि वह सामान्य रूप से घर से निकला था। पुलिस अब दोनों परिवारों से पूछताछ कर रही है और मोबाइल कॉल डिटेल्स, लोकेशन तथा अन्य सबूतों की जांच कर रही है।

इलाके में फैली दहशत

इस घटना से पहाड़ी इलाके के लोगों में दहशत फैल गई है। पुलिस अफसरों ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र की जांच की। शव मिलने की सूचना पर चंद्रभान के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। अभी यह साफ नहीं है कि यह प्रेमी-प्रेमिका के बीच झगड़े की वजह से हत्या और आत्महत्या का मामला है या कोई और साजिश है। पुलिस हर पहलू पर छानबीन कर रही है। जांच रिपोर्ट और पोस्टमॉर्टम के बाद ही असली वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल स्थानीय लोग इस घटना पर चर्चा कर रहे हैं और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Updated on:
13 Apr 2026 10:35 am
Published on:
13 Apr 2026 10:35 am