झांसी

झांसी में ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ मैराथन आयोजन, 10 हजार से ज्यादा लड़कियों ने लिया हिस्सा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस महिलाओं में सशक्तिकरण व आत्मनिर्भरता का संदेश देने के लिए 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' मैराथन चला रहा है। इसी क्रम में रविवार 26 दिसंबर को झांसी में महिलाओं के नाम से इस मैराथन का आयोजन हुआ।
less than 1 minute read
• •
Updated: 26 Dec 2021, 10:58 AM IST
Ladki Hun Lad Sakti Hun Marathan by Congress
Ladki Hun Lad Sakti Hun Marathan by Congress

झांसी. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस महिलाओं में सशक्तिकरण व आत्मनिर्भरता का संदेश देने के लिए 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' मैराथन चला रहा है। इसी क्रम में रविवार 26 दिसंबर को झांसी में महिलाओं के नाम से इस मैराथन का आयोजन हुआ। लेकिन इस मैराथन में कोरोना नियमों की धज्जियां उड़ीं। दावा किया गया है कि मैराथन में 10 हजार से ज्यादा लड़कियां जुटीं। न मास्क और न ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हुआ। मैराथन में लड़कियों ने लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा दिया।

कांग्रेस ने किया ट्वीट

मैराथन को लेकर कांग्रेस ने ट्वीट किया है 'झांसी में बेटियों के रूप में उमड़ा ये जनसैलाब सीधे लखनऊ में बैठी अहंकारी भाजपाई हुकूमत की नींद उड़ाएगा। 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' मैराथन के जरिए यूपी की बेटियां अपनी ताकत दिखा रही है। भाजपाई हुकूमत धाराओं की आड़ में इनकी आवाज बंद नहीं कर सकती।'

पांच किलोमीटर की मैराथन

पहले यह मैराथन लखनऊ में भी होनी थी लेकिन वहां आयोजन की इजाजत न मिलने के बाद इसे कांग्रेस ने झांसी में ही आयोजित कराया है। यह पांच किलोमीटर की मैराथन है। विजेता लड़कियों को 25 स्मार्ट फोन, तीन स्कूटी, 100 फिटनेस बैंड और मेडल वितरित किए जाएंगे।

निशुल्क है पंजीकरण

बता दें कि यह मैराथन पूरे यूपी में कराई जा रही है, जिसके अंतर्गत रविवार को झांसी में मैराथन का आयोजन हुआ। मैराथन में भाग लेने के लिए न्यूनतम आयु सीमा 16 वर्ष होनी चाहिए। पंजीकरण शुल्क पर कोई पैसा नहीं लगेगा। पंजीकरण प्रक्रियाऑफलाइन व ऑनलाइन दोनों ही माध्यम से पूरी कर सकते हैं।

Published on: