
Jhansi News: झांसी में किन्नरों के दो गुटों में बधाई और नेग मांगने को लेकर विवाद की घटना सामने आई है। इस संबंध में एक गुट एसएसपी कार्यालय में प्रदर्शन करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। जिसमें उन्होंने बताया कि उनके इलाके में किन्नर का भेष बनाकर शादी या जन्म के मौके पर पहुंच जाते हैं और इस दौरान अभद्रता भी की जाती है। एसएससी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई करने की मांग की गई है। झांसी पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है; पहले भी मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। मामला नवाबाद थाना क्षेत्र का है।
उत्तर प्रदेश के झांसी में एसएसपी को दिए ज्ञापन में बबली मौसी, जीवन शाह ने बताया कि पिछले कई वर्षों से परंपरा और मर्यादा में रहकर विवाह, जन्म आदि के शुभ अवसर पर बधाई लगाकर नेग मांगते आ रहे हैं। जिससे उनकी आजीविका चलती है। पिछले कुछ दिनों से छुटकी, खुशी, शिवन्या, अंशिका, बल्ली, पूजा सहित अन्य अज्ञात बहरूपिया किन्नर का भेष बनाकर हमारे इलाके में वसूली करने लगते हैं।
शिकायती पत्र में उन्होंने बताया कि वे स्वयं को किन्नर बताते हैं और विवाह समारोह में जजमान और आमंत्रित मेहमानों से अभद्रता करते हैं। मना करने पर गाली-गलौच करने लगते हैं। जिससे विवाह समारोह का माहौल खराब होता है और आम लोगों में भय उत्पन्न हो रहा है। यह पूरी गतिविधियां सुनियोजित एवं संगठित तरीके से की जा रही है।
एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में उन्होंने बताया है कि झूठ और मनगढ़ंत आरोप लगाकर उन्हें बदनाम किया जा रहा है, जिससे किन्नरों की छवि धूमिल हो रही है। उन्हें आर्थिक हानि और सामाजिक अपमान का सामना करना पड़ रहा है। जीवन शाह ने बताया कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी मिल रही है। इस संबंध में चौकी और थाने में शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे वह लोग अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
इस संबंध में झांसी पुलिस ने बताया कि शिव विवाह वाटिका, शिवाजी नगर में किन्नर के दो समुदाय समूहों के बीच शादी में बधाई लेने को लेकर 27 अप्रैल को आपस में गाली-गलौज और मारपीट हुई थी। इस संबंध में वादी परी दुबे, केला, बबली यादव की तहरीर पर नवाबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें बाली, छुटकी, शिवान्या, खुशी, अंशिका, पूजा आदि के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था।
इस संबंध में विवेचना के दौरान वादी से संपर्क करने का प्रयास किया गया। यह बताया गया कि अपना बयान दर्ज कराएं, लेकिन बयान दर्ज करने के लिए उपस्थित नहीं हुई। 2 मई को वादी ने क्षेत्राधिकारी नगर कार्यालय में समझौता और शपथ पत्र दिया था। वादी से फिर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो लखनऊ में होना बताया गया। दोनों के बीच एक दूसरे के क्षेत्र में बधाई मांगने को लेकर आपसी विवाद चल रहा है। बताया गया कि बीती रात बल्ली किन्नर ने उसके क्षेत्र में बधाई मांगी, जिसका विरोध आज कार्यालय में किया गया।