झुंझुनू

Rajasthan Crime: दूसरे युवक के साथ लिव-इन में रह रही थी पत्नी, 6 महीने बाद पति ने कर दी महिला के प्रेमी की हत्या

Jhunjhunu Crime News: राजस्थान के झुंझुनूं जिले के पिलानी कस्बे में प्रेम संबंधों से जुड़ी एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक की घर में घुसकर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी।
2 min read
• •
Updated: 27 Oct 2026, 10:39 AM IST
Pilani Murder Case
अस्पताल में भर्ती घायल आरोपी सतीश व मृतक राजेश। फोटो: पत्रिका

झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के पिलानी कस्बे में प्रेम संबंधों से जुड़ी एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक की घर में घुसकर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी भी इस दौरान घायल हो गया, जिसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती करवाया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजेश कुमावत उर्फ सोनू उर्फ माइकल (33) पुत्र मोहनलाल कुमावत के रूप में हुई है। मृतक के भाई मनीष कुमार ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान कस्बे के राणी शक्ति मंदिर के पास रहने वाला सतीश जाट (42) पुत्र प्रताप सिंह घर के मुख्य दरवाज के ऊपर से कूदकर घर में घुस गया तथा सीधे उस कमरे में पहुंचा, जहां राजेश सो रहा था। उसने धारदार चाकू से राजेश पर ताबड़तोड़ वार किए। आवाज सुनकर परिजन जाग गए और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी मुख्य गेट फांदकर भागने का प्रयास कर रहा था मगर परिजनों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दे दी।

हत्या का मामला दर्ज, परिजनों को सौंपा शव

सूचना पर पहुंची थानाधिकारी अलका बिश्नोई ने आरोपी तथा गंभीर घायल राजेश को अस्पताल में भर्ती करवाया। राजेश की हालत गंभीर होने पर उसे झुंझुनूं रेफर किया, मगर रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। थानाधिकारी ने बताया कि सोमवार को पुलिस टीम ने बीडीके अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस संबंध में मृतक राजेश के परिजनों ने आरोपी सतीश के खिलाफ घर में घुसकर चाकू से हमला कर हत्या करने का मामला दर्ज करवाया है।

आरोपी की हालत गंभीर

थानाधिकारी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए सोमवार सुबह चिड़ावा सीओ गौरव गुर्जर के नेतृत्व में घटनास्थल का बारीकि से निरीक्षण किया गया तथा एफएसएल टीम ने भी मौका निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। थानाधिकारी ने बताया कि हमलावर सतीश का कस्बे के एक निजी अस्पताल में पुलिस कस्टडी में उपचार चल रहा है। मगर उस की हालत गंभीर होने के कारण उसे हायर अस्पताल के लिए रेफर करवाया है। आरोपी मेडिकल ठीक होने पर गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी।

मृतक रह रहा था लिव इन में

जानकारी के अनुसार हमलावर आरोपी सतीश ड्राइवर है। उसने पश्चिमी बंगाल निवासी सरस्वती नाम की महिला से करीब दस वर्ष पूर्व विवाह किया था। सरस्वती तथा सतीश के दस वर्ष का एक बेटा तथा चार वर्ष की बेटी है। पुलिस के अनुसार करीब छह माह पहले सरस्वती सतीश के घर से गायब हो गई थी। सतीश ने इसकी पुलिस में गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसके बाद सरस्वती राजेश के साथ लिव इन में रह रही थी। राजेश राज मिस्त्री का काम करता था।

Updated on:
27 Oct 2026, 10:39 AM IST
Published on: