झुंझुनू

RSRTC Ticket Booking: ऑनलाइन में झुंझुनूं से चूरू के लिए बस, स्टैंड पहुंचे तो पता चला कोई बस ही नहीं है

RSRTC Ticket Booking: राजस्थान रोडवेज की ऑनलाइन पोर्टल पर झुंझुनूं से चूरू के लिए रात 12.30 बजे बस रवाना होना दर्शाया जा रहा है, लेकिन निर्धारित समय पर बस स्टैंड पहुंचने पर यात्रियों को वहां कोई बस नहीं मिलती। ऐसे में ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले यात्री परेशान हो रहे हैं।
2 min read
May 29, 2026
Rajasthan Roadways
फाइल फोटो- पत्रिका

झुंझुनूं। राजस्थान रोडवेज की ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली की लापरवाही का खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। ऑनलाइन पोर्टल पर झुंझुनूं से चूरू के लिए रात 12.30 बजे बस रवाना होना दर्शाया जा रहा है, लेकिन निर्धारित समय पर बस स्टैंड पहुंचने वाले यात्रियों को वहां कोई बस नहीं मिलती। ऐसे में ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले यात्री खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार रोडवेज की ऑनलाइन समय सारिणी में दिल्ली से चूरू तक बस संचालन दर्शाया गया है। पोर्टल के मुताबिक बस रात करीब 12.15 बजे झुंझुनूं पहुंचती है तथा 12.30 बजे चूरू के लिए रवाना होना बताया गया है। इसी भरोसे में यात्री ऑनलाइन टिकट बुक कर लेते हैं, लेकिन जब वे रात के समय बस स्टैंड पहुंचते हैं तो वहां चूरू के लिए कोई बस उपलब्ध नहीं होती।

यात्रियों का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग के दौरान उन्हें कहीं भी यह जानकारी नहीं दी जाती कि निर्धारित समय पर बस उपलब्ध नहीं रहेगी। पोर्टल पर चूरू तक टिकट जारी होने के कारण लोग भरोसा कर टिकट बुक कर लेते हैं, लेकिन मौके पर पहुंचने पर उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सबसे बड़ी बात यह है कि जिन यात्रियों के पैसे ऑनलाइन टिकट के नाम पर कट रहे हैं, उन्हें रिफंड पाने का भी कोई स्पष्ट रास्ता नहीं मिल रहा।

झुंझुनूं. ऑनलाइन में चूरू तक दिखाया गया रूट।

राजस्थान रोडवेज की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं, लेकिन यात्रियों का आरोप है कि वहां कोई संतोषजनक जवाब तक नहीं मिलता। कई यात्रियों ने कहा कि हेल्पलाइन नंबरों की स्थिति ऐसी है मानो उन्हें खुद ही मदद की जरूरत हो। रात के समय बस नहीं मिलने से यात्रियों को मजबूरी में निजी वाहन, टैक्सी अथवा अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ता है। कई यात्रियों को अतिरिक्त किराया चुकाना पड़ा, जबकि कुछ को घंटों तक बस स्टैंड पर इंतजार करना पड़ा। यात्रियों ने रोडवेज प्रशासन से ऑनलाइन समय सारिणी तुरंत अपडेट करने और यात्रियों के पैसे वापस दिलाने की मांग की है।

रात को रुकती है स्टैंड पर सुबह होती है रवाना

जानकारी के अनुसार दिल्ली से चलकर आने वाली उक्त बस रात को झुंझुनूं में ही रुकती है। इसके बाद सुबह पांच- छह बजे चूरू के लिए रवाना होती है। उक्त बस में दिल्ली से अधिकांश सवारियां झुंझुनूं तक की ही आती है। जानकारी के अनुसार बस कंडक्टर दिल्ली से चूरू के लिए बैठने वाली सवारियों को पहले ही बता देते हैं कि यह बस झुंझुनूं कई देर रूकेगी। चूरू के लिए उक्त बस के पीछे आने वाली बस में चूरू की सवारी बैठा देते हैं। कई बार चूरू की सवारियां ज्यादा होने पर बस रात को ही चूरू चली जाती है।

इनका कहना है


झुंझुनूं में बस रुकने के संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। फिर भी जांच करवा लेते हैं।

  • सुदीप शर्मा, रोडवेज डिपो मैनेजर, चूरू
Updated on:
29 May 2026 04:03 pm
Published on:
29 May 2026 01:55 pm