झुंझुनू

Sarpanch Neeru Yadav : दिल्ली में ‘सरपंच शक्ति’ कार्यक्रम में शामिल हुई ‘हॉकी वाली सरपंच’, आखिर नीरू यादव को कैसे मिला ये नाम?

Sarpanch Neeru Yadav : नई दिल्ली में राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम ‘सरपंच शक्ति’ में देशभर से चयनित 50 नवाचारशील व प्रभावशाली सरपंचों ने हिस्सा लिया। इसमें ‘हॉकी वाली सरपंच’ भी शामिल हुई। आखिर राजस्थान के झुंझुनूं जिले की नीरू यादव को कैसे मिला ये नाम?।
3 min read
Hockey Wali Sarpanch participated in Sarpanch Shakti program in Delhi How did Neeru Yadav get this name Rajasthan Jhunjhunu
अपनी टीम के साथ नीरू यादव। फोटो पत्रिका

Sarpanch Neeru Yadav : भारतीय गुणवत्ता परिषद (QCI) और सरपंच संवाद की टीम ने नई दिल्ली में 4 दिवसीय ‘सरपंच शक्ति’ प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम 16 से 19 दिसंबर तक आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में राजस्थान के झुंझुनूं की ‘हॉकी वाली सरपंच’ भी शामिल थी। हॉकी वाली सरपंच कौन हैं, जानिए?

झुंझुनूं जिले की ग्राम पंचायत लांबी अहीर की सरपंच नीरू यादव जिन्हें लोग ‘हॉकी वाली सरपंच’ के नाम से पुकारते हैं। नीरू यादव ने प्रशिक्षण के दौरान अपनी पंचायत में किए गए नवाचारों को साझा किया। उन्होंने बर्तन बैंक, महिला हॉकी टीम व अकादमी, जल संरक्षण, हरियाली अभियान और डिजिटल लाइब्रेरी जैसी पहलों के अनुभव प्रस्तुत किए, जिन्हें प्रतिभागियों ने सराहा। कार्यक्रम विशेष रूप से महिला सरपंचों के नेतृत्व को सुदृढ़ करने पर केंद्रित रहा।

17 राज्यों की 50 महिला सरपंचों ने लिया हिस्सा

नीरू यादव की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि ग्रामीण महिलाएं अब नीति निर्धारण, नेतृत्व और नवाचार में निर्णायक भूमिका निभा रही हैं। विशेषज्ञों ने नीरू यादव के कार्यों को अन्य पंचायतों के लिए अनुकरणीय बताया। इस प्रोग्राम में भारत के 17 राज्यों से चुने गए 50 महिला सरपंचों ने हिस्सा लिया।

नीरू यादव ने किया आभार व्यक्त

नीरू यादव ने बताया कि 4 दिनों के इस अनुभव में हमने कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं, जिन्हें हम अब अपनी पंचायतों में लागू करेंगे। मैं भारतीय गुणवत्ता परिषद, सरपंच संवाद टीम और प्रशिक्षकों का दिल से आभार व्यक्त करती हूं।

लांबी अहीर की सरपंच हैं नीरू यादव

राजस्थान और हरियाणा की सीमा पर झुंझनू ज़िले में बसे गांव लांबी अहीर की सरपंच हैं, नीरू यादव। नीरू यादव को देश दुनिया में 'हॉकी वाली सरपंच' के नाम से पहचान जाता है। हॉकी की एक स्टिक के जरिए नीरू यादव ने गांव की दशा और दिशा बदल दी।

झुंझनू ज़िले के गांव लांबी अहीर की सरपंच हैं, नीरू यादव। फोटो पत्रिका

कैसे बनीं ‘हॉकी वाली सरपंच’

‘हॉकी वाली सरपंच’ अपने पंचायत के साथ-साथ राजस्थान की महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गईं है। सरपंच नीरू यादव ने लड़कियों को प्राथमिकता पर रखा। उन्होंने लड़कियों की एक हॉकी टीम तैयार की। खास बात ये है कि उन्होंने खुद के खर्चे से गांव की लड़कियों के लिए एक कोच भी रखा। इतना ही नहीं, वो खुद सुबह लड़कियों को ग्राउंड पर लेकर जाती हैं। कोच के साथ मिलकर वो बच्चियों की ट्रेनिंग कराती हैं।

कई कार्यक्रम शुरू किए

इसके अलावा उन्होंने बर्तन बैंक, जल संरक्षण, हरियाली अभियान और डिजिटल लाइब्रेरी जैसी पहल शुरू किए। वैसे नीरू यादव मूलरूप से हरियाणा की है। उन्होंने शैक्षणिक स्तर पर कई डिग्री हासिल की है, जिसमें बीएससी, एमएससी, बीएड, एमएड हैं और पीएचडी शामिल हैं।

लांबी अहीर गांव की पहली महिला सरपंच बनीं

इंजीनियर अशोक यादव से शादी करने के बाद नीरू यादव ने साल 2020 में सरपंच का चुनाव लड़ने का फैसला किया। नीरू यादव ने संरपच के चुनाव में भारी मतों से जीत हा​सिल की। साथ ही लांबी अहीर गांव की पहली महिला सरपंच बनकर इतिहास रच दिया था।

संयुक्त राष्ट्र से भी आया था बुलावा

सितंबर 2023 में प्रसारित 'कौन बनेगा करोड़पति' के विशेष कार्यक्रम में बतौर सेलिब्रिटी नीरू यादव को न्योता दिया गया था। पंचायती राज में उल्लेखनीय कार्य करने पर नीरू यादव को संयुक्त राष्ट्र से भी बुलावा आया था। 3 मई 2024 को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र के जनसंख्या और विकास आयोग (सीडीपी) की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विचार व्यक्त किए।

Updated on:
27 Dec 2025 12:09 pm
Published on:
27 Dec 2025 12:07 pm
Also Read
View All