18 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jhunjhunu news : झुंझुनूं–राजगढ़ स्टेट हाइवे पर बिना टोल नहीं होगा सफर, धनूरी व लंबोर प्लाजा से होगी वसूली

झुंझुनूं जिले में स्टेट हाइवे पर यात्रा करने वाले वाहन चालकों को अब टोल टैक्स देना होगा। राजस्थान राज्य राजमार्ग प्राधिकरण ने झुंझुनूं–राजगढ़ स्टेट हाइवे-41 पर वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित दरों के अनुसार टोल वसूली की तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसके तहत धनूरी तथा चूरू जिले के बड़ी लंबोर में टोल प्लाजा स्थापित […]

2 min read
Google source verification

झुंझुनूं जिले में स्टेट हाइवे पर यात्रा करने वाले वाहन चालकों को अब टोल टैक्स देना होगा। राजस्थान राज्य राजमार्ग प्राधिकरण ने झुंझुनूं–राजगढ़ स्टेट हाइवे-41 पर वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित दरों के अनुसार टोल वसूली की तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसके तहत धनूरी तथा चूरू जिले के बड़ी लंबोर में टोल प्लाजा स्थापित किए गए हैं। प्राधिकरण के अनुसार अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के लिए एकल यात्रा, एक दिन में वापसी यात्रा और 50 यात्राओं की दरें तय कर दी गई हैं।

निर्धारित शुल्क पर बनेंगे मासिक पास

टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर की परिधि में रहने वाले गैर-व्यावसायिक स्थानीय वाहन मालिक निर्धारित शुल्क देकर मासिक पास बनवा सकेंगे। बार-बार आवागमन करने वालों को रियायती पास की सुविधा भी मिलेगी। उपयोगकर्ता शुल्क की वसूली अधिकृत एजेंसी अनुबंध शर्तों के अनुसार करेगी तथा दरों में संशोधन राज्य सरकार के नियमों के तहत समय-समय पर संभव होगा।

धनूरी टोल प्लाजा की दरें

धनूरी टोल प्लाजा पर कार, जीप, वैन, हल्के मोटर वाहन या कृषि कार्य में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली से एक तरफ की यात्रा के लिए 45 रुपए लिए जाएंगे। यदि वाहन एक ही दिन में वापसी करता है तो 70 रुपए देने होंगे, जबकि 50 यात्राओं के पास के लिए 1575 रुपए शुल्क तय किया गया है। हल्के वाणिज्यिक वाहन, हल्के माल वाहन और मिनी बस के लिए एक तरफ का टोल 70 रुपए, एक दिन के भीतर वापसी के लिए 110 रुपए और 50 यात्राओं के लिए 2405 रुपए होगा। बस और ट्रक से एकल यात्रा पर 140 रुपए, एक दिन में वापसी पर 215 रुपए और 50 यात्राओं के लिए 4730 रुपए लिए जाएंगे। तीन से छह धुरी वाले भारी निर्माण मशीनरी, अर्थ-मूविंग उपकरण या बहु-धुरी वाहनों के लिए एकल यात्रा 235 रुपए, एक दिन की वापसी 355 रुपए और 50 यात्राओं का शुल्क 7885 रुपए निर्धारित है। सात या उससे अधिक धुरी वाले बड़े वाहनों से एकल यात्रा पर 285 रुपए, एक दिन में वापसी पर 425 रुपए और 50 यात्राओं के लिए 9465 रुपए वसूले जाएंगे।

लंबोर बड़ी टोल प्लाजा की दरें

लंबोर टोल प्लाजा पर कार, जीप, वैन, हल्के मोटर वाहन या कृषि कार्य में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली से एक तरफ की यात्रा के लिए 50 रुपए लिए जाएंगे। एक दिन के भीतर वापसी करने पर 75 रुपए देने होंगे, जबकि 50 यात्राओं के लिए 1630 रुपए तय किए गए हैं। हल्के वाणिज्यिक वाहन, हल्के माल वाहन और मिनी बस के लिए एकल यात्रा 75 रुपए, एक दिन की वापसी 110 रुपए और 50 यात्राओं का शुल्क 2480 रुपए होगा। बस और ट्रक के लिए एक तरफ का टोल 145 रुपए, एक दिन की वापसी 220 रुपए और 50 यात्राओं के लिए 4885 रुपए निर्धारित है। तीन से छह धुरी वाले भारी निर्माण या अर्थ-मूविंग वाहनों से एकल यात्रा पर 245 रुपए, एक दिन की वापसी पर 365 रुपए और 50 यात्राओं के लिए 8140 रुपए लिए जाएंगे। सात या उससे अधिक धुरी वाले बड़े वाहनों के लिए एकल यात्रा 295 रुपए, एक दिन की वापसी 440 रुपए और 50 यात्राओं का शुल्क 9765 रुपए तय किया गया है।

टोल वसूली जारी

जिले से गुजर रहे झुंझुनूं-उदयपुरवाटी मार्ग पर नृसिंहपुरा के पास, झुंझुनूं-सीकर-जयपुर मार्ग पर ढिगाल के नजदीक तथा सूरजगढ़-लोहारू रोड पर रघुनाथपुरा के पास पहले से टोल वसूली जारी है। वहीं सिंघाना रोड पर गाडाखेड़ा व पचेरी खुर्द टोल प्लाजा पर वसूली बंद कर दी गई है।

अधिकारियों ने क्या कहा....

परियोजना निदेशक विकास गोयल ने बताया कि झुंझुनूं-राजगढ़ स्टेट हाइवे-41 पर धनूरी और चूरू जिले के लंबोर क्षेत्र में टोल प्लाजा स्थापित कर दरें निर्धारित कर दी गई हैं। जल्द ही टोल वसूली शुरू करने के आदेश जारी किए जाएंगे।