झुंझुनू

Jhunjhunu: कूलर के सामने सोने से रोका तो पति ने पत्नी की हत्या कर शव संदूक में छिपाया, जानें कैसे हुआ मामले का खुलासा

Rajasthan Crime: झुंझुनूं में पति पर पत्नी की हत्या कर शव को संदूक में छिपाने का आरोप लगा है। आरोपी ने 3 दिन तक बेटे को गुमराह किया और बाद में खुद पूर्व सरपंच के पास पहुंचकर वारदात की जानकारी दी।
2 min read
Jul 23, 2026
Husband Killed Wife
मृतक पत्नी और आरोपी पति की फोटो: पत्रिका

Husband Killed Wife After Dispute: झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ क्षेत्र के अगवाना खुर्द गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति पर अपनी पत्नी की हत्या कर शव को संदूक में छिपाने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी पति कृष्ण फोगाट को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी ने शव को घर में रखे संदूक में बंद कर करीब 3 दिन तक छिपाए रखा। इस दौरान उसने परिवार के लोगों को भी गुमराह किया। बाद में जब घर में शव से दुर्गंध आने लगी तो परिवार वालों को शक हुआ लेकिन उससे पहले ही आरोपी ने नशे की हालत में पूर्व सरपंच दुलीचंद के पास पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी खुद ही दे दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और संदूक से महिला का शव बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

ये था पूरा मामला

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच शराब के लिए पैसे को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद घर में लगे कूलर के सामने सोने की बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पति ने पत्नी से एक ही कूलर के सामने सोने को कहा लेकिन उसके मना करने पर गुस्से में थप्पड़ मार दिया। जब महिला ने विरोध किया और शोर मचाया तो आरोपी ने उसके मुंह में चुन्नी ठूंस दी और पास पड़े जूते की डोरी से गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव के हाथ-पैर बांधकर उसे संदूक में बंद कर दिया और करीब तीन दिन तक घर में ही छिपाए रखा। बाद में नशे की हालत में वह गांव के पूर्व सरपंच दुलीचंद के पास पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और संदूक से शव बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है।

बेटे को 3 दिन तक बोला-नानी के घर गई है मां

वारदात के बाद आरोपी ने अपने 15 साल के बेटे को गुमराह करते हुए कहा कि उसकी मां नानी के घर गई है। बेटे को जब शक हुआ और उसने मां के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की तो आरोपी ने उसका मोबाइल भी छीन लिया ताकि वह किसी से संपर्क नहीं कर सके। 3 दिन तक बेटा घर में ही रहा और उसे घटना की सच्चाई का पता नहीं चल पाया।

पुलिस ने मृतका के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया है। आरोपी पति कृष्ण फोगाट के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हत्या के कारणों, घटना के पूरे क्रम, साक्ष्य छिपाने और अन्य पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Updated on:
23 Jul 2026 11:16 am
Published on:
23 Jul 2026 11:16 am