
झुंझुनूं। राजस्थान की पंचायत राजनीति में झुंझुनूं से एक दिलचस्प तस्वीर सामने आई है। यहां महज 22 साल की उम्र में कांग्रेस की कोमल भंवरिया जिला प्रमुख निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने भाजपा की प्रत्याशी और पूर्व जिला प्रमुख हर्षिनी कुल्हरी को चुनाव में शिकस्त देकर जिला परिषद की कमान संभाल ली है। कांग्रेस ने इस चुनाव में युवा चेहरे पर दांव खेला था, जो सफल रहा। खास बात यह है कि कोमल भंवरिया को पार्टी ने जेन-जी का प्रतिनिधित्व करने वाली युवा नेता के तौर पर आगे किया था।
जिला प्रमुख चुनाव के लिए बुधवार को जिला परिषद में मतदान हुआ। कांग्रेस ने वार्ड नंबर 16 से निर्वाचित कोमल भंवरिया को प्रत्याशी बनाया था, जबकि भाजपा ने वार्ड नंबर 5 से सदस्य हर्षिनी कुल्हरी को मैदान में उतारा। दोनों प्रत्याशियों के नामांकन जांच में सही पाए जाने के बाद मुकाबला इन्हीं दो उम्मीदवारों के बीच रहा। कांग्रेस प्रत्याशी कोमल भंवरिया को 28 मत तथा भारतीय जनता पार्टी की हर्षिनी कुल्हरी को 12 मत मिले। वहीं एक मत निरस्त हुआ। दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान का समय निर्धारित किया गया था। मतदान के बाद मतगणना में कोमल भंवरिया को विजेता घोषित किया गया।
झुंझुनूं जिला परिषद में कुल 41 सदस्य हैं। हाल ही में आए चुनाव परिणाम में कांग्रेस ने 29 वार्डों में जीत दर्ज की थी। भाजपा को 11 सीटें मिलीं, जबकि एक वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत हासिल की। इस तरह कांग्रेस पहले से ही स्पष्ट बहुमत के साथ मजबूत स्थिति में थी। जिला प्रमुख चुनाव में भी पार्टी को अपने संख्या बल का फायदा मिला।
मतदान के दिन कांग्रेस के सभी 29 सदस्य वोट डालने पहुंचे। इनमें से 27 सदस्य बस में सवार होकर जिला परिषद पहुंचे, जबकि कोमल भंवरिया और एक अन्य सदस्य पहले से वहां मौजूद थे। दूसरी ओर भाजपा के सभी 11 सदस्य भी एक साथ मतदान के लिए पहुंचे। चुनाव को देखते हुए जिला परिषद परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
कोमल भंवरिया को प्रत्याशी बनाए जाने के पीछे कांग्रेस ने युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने की रणनीति बताई थी। सांसद बृजेंद्र सिंह ओला ने कहा था कि निर्वाचित सदस्यों में कोमल सबसे युवा और शिक्षित हैं। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व चाहता है कि जेन-जी को राजनीति में आगे बढ़ने का अवसर मिले। उन्होंने भरोसा जताया था कि कांग्रेस जिला प्रमुख का चुनाव जीतेगी। मंडावा विधायक रीटा चौधरी ने भी कोमल के चयन को सही फैसला बताया था। उन्होंने कहा था कि सभी सदस्यों की सहमति से नाम तय किया गया है और कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग का कोई डर नहीं है।
भाजपा ने हर्षिनी कुल्हरी को दोबारा जिला प्रमुख पद का प्रत्याशी बनाया था। वे इससे पहले भी झुंझुनूं की जिला प्रमुख रह चुकी हैं। नामांकन दाखिल करने के बाद उन्होंने जीत की उम्मीद जताई थी। हालांकि इस बार कांग्रेस के स्पष्ट बहुमत के सामने भाजपा की चुनौती सफल नहीं हो सकी।