झुंझुनू

Rajasthan : झुंझुनूं हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए देने की घोषणा की

Rajasthan : राजस्थान के झुंझुनूं जिले के छापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान 11 हजार वोल्ट के करंट फैलने से 8 मजदूरों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 5 गंभीर घायल हुए। इस हादसे की सूचना के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने दुख प्रकट किया। साथ ही मृतकों के परिजनों को PMNRF से 2-2 लाख रुपए देने की घोषणा की।
2 min read
• •
Updated: 2 Nov 2026, 5:44 PM IST
jhunjhunu die electric shock pm modi announces ex-gratia rs 2 lakh each
राजस्थान के झुंझुनूं में धरने पर बैठे गुस्साए ग्रामीण। पत्रिका फोटो

Rajasthan : उदयपुरवाटी (झुंझुनूं). राजस्थान के झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी क्षेत्र के छापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान हुए भीषण हादसे में आठ मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। इन गंभीर रूप से झुलसे मरीजों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस हादसे की सूचना के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने दुख प्रकट किया। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि राजस्थान के झुंझुनूं में हुए हादसे में लोगों की जान जाने से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायल लोग जल्द स्वस्थ हों। साथ ही जान गंवाने वालों के परिजनों को PMNRF से 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50,000-50,000 रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी।

राजस्थान के राज्यपाल ने गहरा शोक व्यक्त किया

राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने झुंझुनूं जिले के छापोली गांव में करंट लगने से हुए हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से मृतकों की पुण्यात्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है। उन्होंने हादसे में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है।

छापोली हादसा हृदयविदारक : विधानसभा अध्यक्ष

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी क्षेत्र के छापोली गांव में सड़क निर्माण कार्य के दौरान करंट की चपेट में आने से श्रमिकों की मृत्यु की हृदयविदारक घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। देवनानी ने कहा कि झुंझुनूं में हुए इस दर्दनाक हादसे में श्रमिकों की असामयिक मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक एवं स्तब्धकारी है। अपने परिवारों के भरण-पोषण में जुटे श्रमिकों का इस प्रकार असमय संसार से विदा होना उनके परिजनों के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगतों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि शोकाकुल परिवारों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले।

घटना की जांच के निर्देश दिए - सीएम भजनलाल

राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि झुंझुनूं में हुए हादसे में करंट लगने से श्रमिकों की असामयिक मृत्यु का समाचार दुखद है। संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार एवं प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ तथा शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने का संबल प्रदान करें। ॐ शांति!

Updated on:
2 Nov 2026, 5:44 PM IST
Published on: