झुंझुनू

Jhunjhunu News: फर्जी मतदान के विरोध पर मारपीट में घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत, हत्या का मामला दर्ज

झुंझुनूं जिले के कैरू गांव में पंचायत चुनाव के दौरान फर्जी मतदान के विरोध ने हिंसक रूप ले लिया। दो गुटों के बीच हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल मीलों का बास निवासी शिशुपाल सिंह मिठारवाल की सीकर के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
2 min read
• •
Updated: 5 Nov 2026, 4:11 PM IST
Jhunjhunu death
Jhunjhunu: मृतक शिशुपाल (फोटो-पत्रिका)

झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले में पंचायत चुनाव के दौरान फर्जी मतदान के विरोध को लेकर शुरू हुआ विवाद एक व्यक्ति की मौत के बाद गंभीर आपराधिक मामले में बदल गया। नवलगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र के कैरू गांव में मंगलवार को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के मतदान के दौरान दो गुटों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान गंभीर रूप से घायल हुए मीलों का बास निवासी शिशुपाल सिंह मिठारवाल ने सीकर के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के भाई की रिपोर्ट पर नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक के भाई नेमीचंद पुत्र कुरड़ाराम निवासी मीलों का बास ने मंगलवार देर रात रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में बताया कि 3 नवंबर को जिला परिषद सदस्य के चुनाव के दौरान कुछ ग्रामीण कथित तौर पर फर्जी मतदान कर रहे थे। मतदान केंद्र के अंदर मौजूद पोलिंग एजेंट अमित ने इसका विरोध किया। इस पर नेमीचंद ने भी मौके पर मौजूद लोगों को समझाते हुए फर्जी मतदान नहीं करने के लिए कहा।

विरोध करने पर दो गुटों में शुरू हुई मारपीट

आरोप है कि इसी बात को लेकर मीलों का बास निवासी राजेश कुमार पुत्र राजूराम उग्र हो गया। इसके बाद महेंद्र पुत्र राजूराम, बिमला देवी पत्नी बनवारी, गीता देवी पत्नी महेंद्र, महेंद्र के दो पुत्र, इंदिरा पत्नी ओमप्रकाश, परमेश्वरी पत्नी गिरधारी, नाहर सिंह पुत्र गिरधारी, उसकी पत्नी और 5-7 अन्य लोगों ने मारपीट शुरू कर दी।

रिपोर्ट के मुताबिक, बीच-बचाव करने पहुंची नेमीचंद की पत्नी संतरा देवी और उसके भाई शिशुपाल के साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान संतरा देवी के बाएं हाथ की अंगुली को दांत से काट लिया गया, जबकि शिशुपाल की छाती पर लात मारी गई। चोट लगने से शिशुपाल मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल सीकर के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन

शिशुपाल की मौत के बाद बुधवार को शव नवलगढ़ जिला अस्पताल लाया गया। यहां परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। सूचना मिलने पर नवलगढ़ थानाधिकारी सीआई अजय सिंह पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाया और मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। बाद में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। बुधवार को ही पैतृक गांव मीलों का बास में शिशुपाल का अंतिम संस्कार किया गया।

पुलिस ने मृतक के भाई की रिपोर्ट के आधार पर मारपीट और हत्या से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।

यह वीडियो भी देखें:

Updated on:
5 Nov 2026, 4:11 PM IST
Published on: