
झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक युवती को दिनदहाड़े जबरन उठाकर ले जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती के परिजन सरपंच सहित 35 से 40 लोगों और 8 से 10 महिलाओं के साथ उसके लिव-इन पार्टनर के घर पहुंचे। वहां युवक और उसके परिवार के साथ मारपीट की गई। इसके बाद युवती को घर से घसीटते हुए बाहर लाए और जबरन गाड़ी में डालकर ले गए। बीच-बचाव करने आई युवक की मां के साथ भी मारपीट की गई और उनका मंगलसूत्र छीनने का आरोप है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी युवती को लेकर जा चुके थे।
मामला बगड़ थाना क्षेत्र का है। युवती के 19 वर्षीय लिव-इन पार्टनर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह और युवती 18 नवंबर को घर से निकले थे। इसके अगले दिन 19 नवंबर को युवती के परिजनों ने खेतड़ी नगर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। इसके बाद 23 नवंबर को दोनों थाने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां युवती ने युवक के साथ रहने की इच्छा जताई थी। रिपोर्ट के अनुसार, न्यायालय ने दोनों को साथ रहने की अनुमति दे दी थी। इसके बाद से युवती युवक के साथ रह रही थी।
युवक के मुताबिक, 28 नवंबर को सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच युवती के परिजन, सरपंच और अन्य लोग उनके घर पहुंचे। समूह में 8 से 10 महिलाएं भी शामिल थीं। आरोप है कि घर में आने के कुछ देर बाद ही लोगों ने युवक और उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद युवती को पकड़कर घर से बाहर ले जाने लगे। युवती ने उनके साथ जाने से इनकार किया, लेकिन आरोपियों ने उसकी बात नहीं मानी और उसे जबरन घसीटते हुए गाड़ी में डाल दिया।
युवक ने रिपोर्ट में बताया कि घटना के दौरान उसकी मां बीच-बचाव करने पहुंची तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान मां का मंगलसूत्र भी छीन लिया गया। युवक ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को गोली मारने और तलवार से काटने की धमकी दी गई।
बगड़ थानाधिकारी के अनुसार, युवक की रिपोर्ट पर अपहरण और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच एएसआई नरेंद्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।