Jhunjhunu News : झुंझुनूं जिले के गोठड़ा थानाक्षेत्र में टोडपुरा से बागोरियां की ढाणी जा रही बारात पक्ष व एक अन्य पक्ष के बीच वाहनों में तोड़फोड़, मारपीट व एक राहगीर की कार को आग के हवाले करने का मामला सामने आया है।
नवलगढ़ (झुंझुनूं)। गोठड़ा थानाक्षेत्र में टोडपुरा से बागोरियां की ढाणी जा रही बारात पक्ष व एक अन्य पक्ष के बीच वाहनों में तोड़फोड़, मारपीट व एक राहगीर की कार को आग के हवाले करने का मामला सामने आया है। विवाद छह मई को हुए एक पक्ष की गाड़ी में तोड़फोड़ के बाद उपजा बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार रविवार रात बागोरिया की ढाणी ग्राम पंचायत के रमेश बेरवाल की दो बहनों की शादी थी।
इनमें से एक बारात टोडपुरा से आई थी। बारात जब टोडपुरा स्थित हीरामलजी आश्रम के पास पहुंची तभी पांच-छह कैंपर गाड़ियों में सवार होकर मंजीत चिराणा आया और बारातियों पर हमला बोल दिया। इस दौरान बारातियों के वाहनों में तोड़फोड़ व मारपीट गई है। इसी दौरान वहां पर एक राहगीर की कार में आग लगा दी गई। कार आग से जलकर खाक हो गई। घटना में कई बाराती घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए चिराणा सीएचसी पहुंचाया गया। घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही गोठड़ा, उदयपुरवाटी और नवलगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने रातभर इलाके में सर्च अभियान चलाया और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। लेकिन देर रात तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी। रविवार रात को हुए तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए बागोरिया की ढाणी में सोमवार सुबह दुल्हन की विदाई पुलिस सुरक्षा के बीच कराई गई। पुलिस जाप्ता दूल्हा-दुल्हन के काफिले के साथ टोडपुरा तक पहुंचा। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में पहली बार शादी समारोह के दौरान इस तरह का गैंगवार जैसा माहौल देखने को मिला।
मामले में दुल्हा पक्ष की ओर से हीरालाल पुत्र प्रभाताराम मेघवाल निवासी टोडपुरा ने गोठड़ा थाने में रिपोर्ट दी है कि दस मई को शाम सात बजे उसके छोटे भाई कमलेश पुत्र प्रभाताराम की बारात लेकर बागोरियां की ढाणी जा रहे थे। इसी दौरान हीरामल आश्रम के पास चिराणा की तरफ से छह-सात कैंपर गाड़ियां आई।
इनमें मंजीतसिंह पुत्र छोटूसिंह निवासी चिराणा, अजय सैनी उर्फ अज्जू ढिल्लन पुत्र गिरधारीलाल निवासी टोडपुरा सहित दस-15 लोगों ने उसे व उसके परिवार को गाली दी और जान से मारने की कोशिश की। इन सभी ने बारात के साथ मारपीट व गाड़ियों में तोड़फोड़ की। इसी दौरान एक राहगीर की कार में आग लगा दी।
इसके बाद टोडपुरा ठेके पास हवाई फायरिंग की। इनके पास पिस्टल जैसे हथियार थे और गाड़ियों पर सायरन लगे हुए थे। आरोपियों ने आंतक का माहौल बनाया। इस घटना से बारात में आए लोग सदमे में हैं। स्थिति इतनी खराब हो गई कि दो गाड़ियों में शादी कर वापस लौटना पड़ा।
गिरधरपुरा शाहपुरा निवासी नाथूराम मेघवाल पुत्र नारायणाराम मेघवाल की तरफ से रिपोर्ट दी है कि वह रविवार रात करीब 10 बजे अपने घर में आराम कर रहा था। उसके पास पत्नी, पुत्रवधू व बच्चे भी बैठे थे। उसी समय घर के सामने लोहे की गाटर लगी 3-4 कैम्पर गाड़ियां आकर रुकी। रूकते ही गाड़ियों में से विक्की मीणा, मंजीत सिंह चिराना, धर्मवीर बारवा, हरिंद्र सिंह उर्फ नारू, अजय उर्फ अजू सैनी, कमलेश कुमार ग्रुप 2500, संदीप उर्फ बचिया, विकास उर्फ बाजी, अशोक पंवार, चेतन शर्मा, लक्की झाझड़, अज्जू शेखावत केडी ग्रुप, उमेश जाखड़, नरेश ढेला, नरेश सैनी, मनीष स्वामी, सहित अन्य 5-10 लोग उतरते ही प्रार्थी, पुत्रवधू, बच्चों सहित परिवार के सभी सदस्यों के साथ मारपीट करने लगे, नाथूराम के सिर पर पिस्टल तान दी। उसकी पुत्रवधु व पत्नी से बदसलुकी की।
घर में रसोई के बर्तन व मकानों के शीशे तोड़ दिए तथा घर में खड़ी 1 गाड़ी व 2 बाइक भी पूरी तरह तोड़ दी। उस पर फायर करने का भी प्रयास किया, जातिसूचक गालिया व जान से मारने की धमकी दी। घर में घुसने पहले भी बदमाशों ने 2 फायर किए जिससे गांव में दहशत का माहौल है। आरोपियों ने ग्रुप 2500, के डी ग्रुप, जे बी आर ग्रुप और कई अन्य ग्रुप बना रखे हैं जो लोगों के साथ मारपीट, अवैध वसूली, जमीनों पर कब्जा, लोगों के घरों में घुसकर महिलाओं से लूटपाट, डकैती, चोरी तथा अपराधिक घटनाओं को अंजाम देते रहते हैं। इनके खिलाफ विभिन्न थानों व न्यायालयों में प्रकरण विचाराधीन हैं।
इधर, थाने में चिराणा निवासी मंजीत सिंह ने रिपोर्ट दी है कि 6 मई की रात वह टोडपुरा सर्किल से पैसे लेकर ठेके की तरफ जा रहा था। रास्ते में नदी के पास कैंपर और बोलेरो गाड़ियों में सवार बदमाशों ने उसकी गाड़ी को घेर लिया। आरोप है कि दीपक मीणा, प्रकाश मीणा, मुकेश मीणा, महेश चिया, झाबरमल मीणा, राजेश निर्मल, पिंटू मीणा समेत 10-15 लोगों ने पीछा कर बोलेरो को टक्कर मारी। इससे उसकी बोलेरो का टायर फट गया। जान बचाने के लिए उसे गाड़ी छोड़कर भागना पड़ा। बदमाश गाड़ी में रखे दो मोबाइल और 30 हजार रुपए नकद भी ले गए।
टोडपुरा के पास हुई वारदात में शामिल दो कैंपर गाड़ियां जब्त कर ली गई हैं। घटना में शामिल बदमाशों की पहचान कर ली गई है। पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में तीन अलग-अलग पक्षों की तरफ से रिपोर्ट दी गई है।
महावीरसिंह शेखावत, एएसपी एवं वृत्ताधिकारी नवलगढ़